बरखेड़ा। दियोरिया कोतवाली क्षेत्र के गाँव सिंधौरा बिंदुआ में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला तूल पकड़ गया है। मायके पक्ष के लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बुधवार शाम से शुरू हुआ विरोध गुरुवार सुबह तक जारी रखा। पुलिस और जनप्रतिनिधियों के कड़े आश्वासन के बाद लगभग सात घंटे चली लंबी बातचीत के बाद दोपहर दो बजे मृतका का अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर पर पति समेत पाँच ससुरालियों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बरखेड़ा थाना क्षेत्र के गाँव काजरबोजी निवासी रामदास ने दियोरिया कोतवाली पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उन्होंने अपनी 22 वर्षीय पुत्री राखी देवी का विवाह करीब चार महीने पहले दियोरिया क्षेत्र के गाँव सिंधौरा बिंदुआ निवासी विकास पुत्र ओमप्रकाश के साथ किया था।
पिता का आरोप है कि विवाह के बाद से ही पति विकास, सास, ससुर सहित परिवार के अन्य लोग 50 हजार रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर राखी को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। मृतका ने कई बार फोन पर मायके वालों को अपनी पीड़ा बताई थी। बुधवार सुबह परिजनों को उसकी मौत की सूचना मिली। जब मायके वाले सिंधौरा बिंदुआ पहुँचे तो राखी मृत अवस्था में मिली और सभी ससुरालीजन घर से फरार थे। परिजनों ने मृतका के हाथ के अंगूठे पर स्याही लगी होने की आशंका भी जताई है।
18 घंटे तक चला गतिरोध, चेयरमैन और पुलिस के समझाने पर माने परिजन
बुधवार शाम को मृतका का शव गाँव काजरबोझी पहुँचा, जिसके बाद गुरुवार सुबह मायके पक्ष के लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए अंतिम संस्कार करने से इंकार कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही बरखेड़ा थाना प्रभारी सत्येंद्र कुमार और दियोरिया कोतवाली के हल्का उपनिरीक्षक गौतम सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँच गए।
नगर पंचायत बरखेड़ा के चेयरमैन श्यामविहारी भोजवाल और गाँव के संभ्रांत लोगों ने मौके पर पहुँचकर मायके पक्ष को समझाने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों द्वारा जल्द से जल्द सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने का कड़ा आश्वासन दिए जाने के बाद परिजन राजी हुए। इसके बाद दोपहर दो बजे कड़े सुरक्षा पहरे के बीच मृतका के छोटे भाई सुमित द्वारा मुख्यग्नि देकर अंतिम संस्कार किया गया।
मामले में दियोरिया कोतवाली पुलिस ने मृतका के पिता रामदास की तहरीर के आधार पर पति समेत पाँच ससुरालियों के खिलाफ दहेज हत्या की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
बरखेड़ा। कस्बा बरखेड़ा में चल रहे दस दिवसीय श्री कृष्ण जन्माष्टमी मेले के चौथे दिन…
बरखेड़ा । क्षेत्र के गांव बहादुरपुर हुक्मी में तेंदुए की दहशत लगातार बढ़ती जा रही…
बरखेड़ा। श्री गणेश चतुर्थी उत्सव के समापन के बाद आज रविवार को श्री भगवान गणेश…
पिछड़ा वर्ग सम्मेलन और दस्तकार-बुनकर सम्मेलन में हुनर बचाने पर दिया जोर बरेली। उत्तर प्रदेश…
बरेली । कस्बा फतेहगंज पश्चिमी रबर फैक्ट्री कालोनी में स्थित राधा-कृष्ण मंदिर पर राधाष्टमी के…
बरखेड़ा।थाना क्षेत्र के ग्राम पौटा कलां निवासी करीब 48 वर्षीय गुड्डू बीते गुरुवार सुबह पीलीभीत…