पीलीभीत। जनपद में 80वां स्वतंत्रता दिवस ‘आजादी के अमृत महोत्सव’ के अंतर्गत अत्यंत हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। मुख्य कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने कलेक्ट्रेट परिसर में विधिवत ध्वजारोहण किया, जिसके उपरांत अधिकारियों व कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया। इसके साथ ही जनपद के सभी सरकारी व गैर-सरकारी भवनों पर भी तिरंगा फहराया गया।
राष्ट्र निर्माण में सहभागिता का आह्वान
समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने समस्त जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आजादी हमें कड़े संघर्षों और बलिदानों के बाद मिली है, इसे संजोए रखना हम सभी का परम कर्तव्य है। स्वतंत्रता के 79 वर्ष पूर्ण होने पर उन्होंने देश के ज्ञात-अज्ञात अमर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि हम सभी को राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाते हुए भारत को विश्व में अग्रणी बनाने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।
प्रतिभाओं और समाजसेवियों का सम्मान
समारोह के दौरान जिलाधिकारी ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों, शिक्षकों, समाजसेवियों और विभिन्न प्रतियोगिताओं (निबंध, चित्रकला, सामान्य ज्ञान) के विजेता छात्र-छात्राओं को शील्ड व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। गांधी सभागार में कवि अविनाश चन्द्र मिश्रा ने ओजस्वी कविता पाठ किया, वहीं एडवोकेट दिनेश यादव ने मनमोहक बांसुरी वादन प्रस्तुत किया।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने शहीद पार्क बल्लभ नगर पहुंचकर अमर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।तहसील सदर के सामने रहने वाले निर्धन परिवारों को फल वितरित किए। दोनों उच्चाधिकारियों ने जिला चिकित्सालय पहुंचकर उपचाराधीन मरीजों का हाल जाना और उन्हें फल बांटे। जिलाधिकारी द्वारा वाल्टन क्लब में भी ध्वजारोहण कर शुभकामनाएं दी गईं।
कलेक्ट्रेट व प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रमों का सफल संचालन मंसूर अहमद शम्सी ने किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक, अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व), अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), नगर मजिस्ट्रेट सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।