बरेली। सावन माह के तीसरे सोमवार को नाथ नगरी बरेली में शिवभक्ति का अद्भुत सैलाब देखने को मिला। हरिद्वार, कछला और विभिन्न गंगाघाटों से पवित्र गंगाजल लेकर पहुंच रहे कांवड़ियों और श्रद्धालुओं का जिला प्रशासन द्वारा ऐतिहासिक स्वागत किया गया। शहर के प्रमुख कांवड़ मार्गों और ऐतिहासिक सप्तनाथ मंदिरों पर हेलीकॉप्टर से फूलों की भव्य वर्षा की गई, जिससे पूरा वातावरण ‘बम-बम भोले’ और ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष से भक्तिमय हो उठा।
आसमान से हुई फूलों की बारिश
सावन के तीसरे सोमवार के पावन पर्व पर बरेली के डीएम अविनाश सिंह और एसएसपी अनुराग आर्य ने हेलीकॉप्टर में सवार होकर कांवड़ यात्रा मार्ग और शहर के सातों नाथ मंदिरों के ऊपर पुष्पवर्षा की। जैसे ही आसमान से कांवड़ियों पर फूलों की बारिश शुरू हुई, श्रद्धालुओं में भारी उत्साह और ऊर्जा दौड़ गई। कांवड़ियों ने हाथ हिलाकर और जयकारे लगाकर प्रशासन के इस भव्य स्वागत का अभिवादन किया।
प्रमुख मार्गों पर मौजूद रहे वरिष्ठ अधिकारी
सड़क मार्ग पर भी प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों की टीम कांवड़ियों के स्वागत और व्यवस्थाओं की निगरानी में जुटी रही।
इस दौरान मंडलायुक्त शंभू कुमार, डीआईजी अजय कुमार साहनी, जिलाधिकारी अविनाश सिंह, एसएसपी अनुराग आर्य, मुख्य विकास अधिकारी देवयानी, एडीएम सिटी अविनाश त्रिपाठी, एसपी सिटी मानुष पारीक, एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खान, एडीएम प्रशासन पूर्णिमा सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम इशिता किशोर, एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा और शिवम आशुतोष सिंह सहित अन्य पुलिस व प्रशासनिक अफसर मौके पर मौजूद रहे।अधिकारियों ने बदायूं रोड सहित सभी संवेदनशील व प्रमुख कांवड़ मार्गों पर कांवड़ियों का अभिनंदन किया और उनके सुरक्षित सफर व सुखद जलाभिषेक की मंगलकामनाएं कीं।
सख्त सुरक्षा और चाक-चौबंद व्यवस्था
लाखों की संख्या में उमड़े श्रद्धालुओं को देखते हुए पूरे शहर में सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के कड़े इंतजाम किए गए थे। प्रमुख चौराहों, मंदिर परिसरों और कांवड़ मार्गों पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा लगातार पेट्रोलिंग कर स्थिति पर नजर रखी गई ताकि जलाभिषेक और यात्रा निर्विघ्न संपन्न हो सके।