बरखेड़ा। नगर पंचायत के वार्ड नंबर 8 में डेढ़ साल पहले बनी एक अच्छी-खासी सड़क को अचानक उखाड़े जाने का मामला सामने आया है। सड़क तोड़ने की खबर मिलते ही स्थानीय लोग भड़क उठे और नगर पंचायत चेयरमैन व ठेकेदार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन कर विरोध दर्ज कराया।
डूडा विभाग द्वारा जनवरी 2024 में दौलतपुर रोड से बिपिन पंडित के घर तक इस सड़क का निर्माण कराया गया था, जिस पर लाखों रुपये की लागत आई थी। वार्डवासियों का सवाल है कि जब सड़क पूरी तरह सुरक्षित और ठीक स्थिति में थी, तो मात्र डेढ़ साल के भीतर इसे तोड़ने की क्या आवश्यकता पड़ गई। क्या निर्माण के समय इंजीनियरों द्वारा मौके की स्थिति के अनुसार सही नक्शा और आकलन नहीं तैयार किया गया था?
आज सुबह जब नगर पंचायत के ठेकेदार की लेबर ने सड़क को उखाड़ना शुरू किया, तो स्थानीय लोगों ने इसका कारण पूछा। मजदूरों ने बताया कि यह सड़क आसपास के अन्य रास्तों से ऊंची हो गई है, इसलिए चेयरमैन के आदेश पर इसे तोड़कर नीचा किया जाएगा। वार्ड के सभासद द्वारा भी इसे नीचा कर सामान्य किए जाने की बात कही गई, जिसके बाद गुस्साए लोगों ने मौके पर ही प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शन के दौरान स्थानीय निवासी ताराचंद कश्यप ने मीडिया को बताया कि मजदूरों ने चेयरमैन के निर्देश पर ही सड़क को नीचा किए जाने की बात कही है। वहीं, छाया गुप्ता ने हैरानी जताते हुए कहा कि अमूमन बरसात के पानी से बचाने और जलभराव रोकने के लिए सड़कों को ऊंचा बनाया जाता है, लेकिन यहां अजीब स्थिति है कि पक्की-बनी सड़क को बेवजह नीचा कराया जा रहा है, जिससे जनता के गाढ़े पसीने की कमाई और सरकारी धन की बर्बादी हो रही है।
मामले तूल पकड़ने के बाद उपजिलाधिकारी एवं अधिशाषी अधिकारी नागेंद्र पांडेय ने इस पर संज्ञान लिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस सड़क को उखाड़कर नीचा करने के संबंध में नगर पंचायत या प्रशासन की ओर से कोई भी आधिकारिक निर्देश नहीं दिए गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल प्रभाव से सड़क उखाड़ने के काम को रुकवा दिया गया है और पूरे मामले की जांच कराई जा रही है।
पीलीभीत। बरखेड़ा क्षेत्र के बड़ेपुरा कुसमा गांव के मजदूरों की हरियाणा सड़क एक्सीडेंट में मौत…
बरखेड़ा।स्थानीय विद्युत उपखंड ने नगर पंचायत के खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई करते हुए शिकंजा कसा…
बरेली। श्री हरि मंदिर मॉडल टाउन, बरेली में श्री राधाअष्टमी महोत्सव के शुभारंभ पर श्री…
बरेली/मीरगंज। बरेली से उत्तराखंड तक फैले नशे के अवैध नेटवर्क पर एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स…
बरेली। थाना प्रेमनगर पुलिस ने फर्जी फर्म के जरिए बोगस इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) पास-ऑन…
कमिश्नर ने तहसील समाधान दिवस में फरियादियों की सुनी शिकायतें और जल्द निस्तारण करने का…