पीलीभीत। दियोरिया कोतवाली क्षेत्र में दिनदहाड़े बेखौफ बाइक सवार बदमाशों ने पुरानी रंजिश के चलते एक ईको कार चालक को रास्ते में रोक लिया और उन पर तमंचे से जानलेवा हमला कर दिया। बदमाशों द्वारा चलाई गई गोली कार चालक के हाथ में लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर हवा में तमंचा लहराते हुए फरार हो गए। इस दुस्साहसिक घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया है। आनन-फानन में घायल युवक को स्थानीय लोगों की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पिपरिया संजपुर का रहने वाला 29 वर्षीय दुर्विजय अपने साथी अमन के साथ किसी निजी कार्य से पड़ोसी गांव महेशापुर जा रहा था। दोनों जैसे ही महेशापुर पुलिया के समीप पहुंचे, वहां पहले से ही घात लगाकर बैठे दो बाइकों पर सवार चार नकाबपोश बदमाशों ने उनकी कार को जबरन आगे से घेरकर रोक लिया। इससे पहले कि कार में सवार लोग कुछ समझ पाते, हमलावरों ने दुर्विजय को निशाना बनाते हुए सीधे तमंचे से फायर झोंक दिया। गोली दुर्विजय के बाएं हाथ को चीरती हुई निकल गई, जिससे अत्यधिक खून बहने के कारण वह अचेत होकर वहीं गिर पड़ा। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके की तरफ दौड़े। भीड़ को अपनी ओर आता देख चारों आरोपी पुलिस को खुली चुनौती देते हुए और असलहा चमकाते हुए मौके से रफूचक्कर हो गए। घायल के साथी अमन और स्थानीय ग्रामीणों ने बिना वक्त गंवाए लहूलुहान दुर्विजय को संभाला और तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका आपातकालीन उपचार कर रही है। इधर दिनदहाड़े गोलीबारी की सूचना मिलते ही दियोरिया कोतवाली पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।आनन-फानन में पुलिस बल के साथ आला अधिकारी घटना स्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस ने मौके पर मौजूद चश्मदीदों और घायल के साथी से पूछताछ कर हमलावरों के हुलिए के बारे में सुराग जुटाए हैं। पुलिस की शुरुआती जांच में यह पूरा मामला पुरानी आपसी रंजिश से जुड़ा हुआ नजर आ रहा है। पुलिस ने आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दी हैं, जो उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस प्रशासन का दावा है कि जल्द ही सभी हमलावरों को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।
बरखेड़ा। दस दिवसीय श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मेले के सातवें दिन राधिका-कृष्ण कीर्तन मंडल वृंदावन के कलाकारों…
पीलीभीत। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत नया राशन कार्ड बनवाने की उम्मीद लगाए बैठी…
बरखेड़ा। समाजवादी पार्टी के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष धर्मेश गंगवार के स्वागत को लेकर सोमवार को…
बरखेड़ा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मेले के दस दिवसीय आयोजन के पांचवें दिन वृंदावन के रासमंच कलाकारों ने…
बरखेड़ा।गन्ना राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार के प्रतिनिधि के नाम पर कथित रूप से फर्जी लेटरहेड…
बरेली। बरेली कॉलेज के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग में सोमवार का दिन बेहद भावनात्मक और…