पीलीभीत। हरप्रसाद रामप्यारी महाविद्यालय में शनिवार, को नवागंतुक विद्यार्थियों के स्वागत के लिए फ्रेशर डे का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शीर्षक ‘आगाज’ रखा गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, मनोरंजक गतिविधियों एवं क्विज प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के समापन पर विभिन्न चरणों में आयोजित गतिविधियों एवं प्रस्तुतियों के आधार पर मिस्टर फ्रेशर एवं मिस फ्रेशर का चयन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि महाविद्यालय के प्रबन्ध निदेशक श्री मुकेश कुमार गुप्ता, विशिष्ट अतिथि डॉ0 नीतू सिंह, प्रधानाचार्या एच0आर0पी0 डिग्री कॉलेज, एवं अन्य अतिथियों द्वारा माँ वाग्देवी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ0 वन्दना शर्मा ने की। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रबन्ध निदेशकगण, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
महाविद्यालय के प्रबन्ध निदेशक श्री मुकेश कुमार गुप्ता ने अपने संबोधन में नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि फ्रेशर डे केवल मनोरंजन का अवसर नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के महाविद्यालयीन जीवन की एक नई शुरुआत का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपने भीतर छिपी प्रतिभा को पहचानें और शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक, सामाजिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में भी सक्रिय सहभागिता करें।
महाविद्यालय के प्रबन्ध निदेशक श्री आशीष गुप्ता ने कहा कि महाविद्यालय विद्यार्थियों को ऐसा वातावरण प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है, जिसमें वे ज्ञान के साथ संस्कार, अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित कर सकें। उन्होंने नवागंतुक विद्यार्थियों से वरिष्ठ विद्यार्थियों एवं शिक्षकों का सम्मान करते हुए सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
प्रबन्ध निदेशक डॉ0 अनूप बेरी ने अपने संबोधन में कहा कि फ्रेशर डे का आयोजन विद्यार्थियों के जीवन में नई ऊर्जा, नए उत्साह और नई संभावनाओं का ‘आगाज’ है। महाविद्यालय में प्रवेश लेने वाला प्रत्येक विद्यार्थी अपने साथ कुछ सपने, आकांक्षाएं और लक्ष्य लेकर आता है। महाविद्यालय का दायित्व है कि उसे ऐसा सकारात्मक एवं प्रेरणादायी वातावरण उपलब्ध कराया जाए, जिसमें वह अपनी प्रतिभा को पहचान सके और उसे निखारते हुए अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ सके।
विशिष्ट अतिथि एवं एच0आर0पी0 डिग्री कॉलेज की प्रधानाचार्या डॉ0 नीतू सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि ‘आगाज’ नाम अपने आप में विद्यार्थियों के नए सफर की भावना को व्यक्त करता है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में प्रवेश के साथ विद्यार्थियों के जीवन में सीखने और स्वयं को विकसित करने का नया अध्याय प्रारम्भ होता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ0 वन्दना शर्मा ने सभी नवागंतुक विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि महाविद्यालय परिवार में नए विद्यार्थियों का स्वागत करना उनके लिए प्रसन्नता का विषय है। उन्होंने कहा कि फ्रेशर डे का उद्देश्य विद्यार्थियों के बीच आत्मीयता, सहयोग और सकारात्मक वातावरण को बढ़ावा देना है । उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपने महाविद्यालयीन जीवन को केवल परीक्षा और डिग्री तक सीमित न रखें, बल्कि विभिन्न गतिविधियों में प्रतिभाग कर अपने व्यक्तित्व को बहुआयामी बनाएं। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षकों का सम्मान करने, अनुशासन का पालन करने और अपने लक्ष्य के प्रति निरंतर समर्पित रहने का आह्वान किया। प्राचार्या ने कहा कि महाविद्यालय विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचानने एवं उसे उचित मंच प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। गीत, नृत्य एवं अन्य मनोरंजक प्रस्तुतियों के साथ विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इसके अतिरिक्त आयोजित क्विज प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने सामान्य ज्ञान एवं त्वरित निर्णय क्षमता का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान नवागंतुक विद्यार्थियों के बीच विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं, जिनके माध्यम से उनकी प्रतिभा, आत्मविश्वास, प्रस्तुतीकरण क्षमता एवं व्यक्तित्व को परखा गया। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लिया।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में विभिन्न गतिविधियों एवं प्रस्तुतियों के आधार पर मिस्टर फ्रेशर एवं मिस फ्रेशर का चयन किया गया। जिसमें कक्षा बी0ए0 प्रथम सेमेस्टर के छात्र राजेश कुमार वर्मा मिस्टर फ्रेशर एवं कक्षा बी0ए0 प्रथम सेमेस्टर की छात्रा दीक्षा मिस फ्रेशर चयनित की गई । चयनित विद्यार्थियों को अतिथियों एवं महाविद्यालय प्रबंधन द्वारा शुभकामनाएं दी गईं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय में आयोजित मासिक शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं विभिन्न सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। अतिथियों एवं महाविद्यालय प्रबंधन द्वारा चयनित विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र एवं सम्मान प्रदान कर उनकी प्रतिभा और उपलब्धियों को प्रोत्साहित किया गया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि विद्यार्थियों की उपलब्धियों को सार्वजनिक रूप से सम्मानित करने से उनमें आत्मविश्वास बढ़ता है तथा अन्य विद्यार्थियों को भी बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलती है। महाविद्यालय प्रबंधन ने कहा कि भविष्य में भी विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित एवं सम्मानित किया जाता रहेगा।
कार्यक्रम का संयुक्त रूप से सफल संचालन बी0ए0 तृतीय सेमेस्टर के छात्र वंश श्रीवास्तव एवं बी0एस0सी0 तृतीय सेमेस्टर की छात्रा अंजलि गंगवार ने किया।
अंत में महाविद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों, शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया गया। ‘आगाज’ कार्यक्रम ने नवागंतुक विद्यार्थियों को महाविद्यालय परिवार से जोड़ने के साथ-साथ उन्हें अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास के साथ नए शैक्षणिक सफर की शुरुआत करने का अवसर प्रदान किया।
बरखेड़ा। थाना बरखेड़ा क्षेत्र के ग्राम ढल्लिया में मारपीट के मामले में पुलिस ने चार…
बरखेड़ा।क्षेत्र के ग्राम पिपराखास स्थित झोपड़ी आश्रम में परम पूज्य स्वामी दिव्यानंद जी महाराज के…
बरखेड़ा।सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से 17…
बरखेड़ा। थाना बरखेड़ा क्षेत्र के ग्राम ढल्लिया में मारपीट के मामले में पुलिस ने चार…
बरखेड़ा। शुक्रवार दोपहर करीब 1 बज बरखेड़ा गजरौला मार्ग पर दो बाइकों की आपस में…
बरेली। कलेक्ट्रेट परिसर में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री…