पीलीभीत। अखिल भारत हिन्दू महासभा के पदाधिकारियों ने जिलाध्यक्ष पंडित पंकज शर्मा के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पहुंचकर नवागत जिलाधिकारी से शिष्टाचार भेंट की और जनपद की विभिन्न बुनियादी समस्याओं, यातायात, धरोहरों के संरक्षण और सरकारी संपत्तियों की सुरक्षा को लेकर एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। संगठन ने नवागत डीएम का स्वागत करते हुए वर्षों से लंबित जनहित की समस्याओं के त्वरित व समयबद्ध निस्तारण की मांग की।
पार्किंग की किल्लत और व्यस्त सड़कों पर डिवाइडर की मांग
ज्ञापन में शहर की यातायात व्यवस्था पर चिंता जताते हुए संगठन ने कहा कि रेलवे स्टेशन, जिला अस्पताल, कचहरी, तहसील और प्रमुख बाजारों में पार्किंग स्थल न होने से सड़कों पर जाम की स्थिति बनी रहती है। संगठन ने प्रमुख स्थानों पर पार्किंग स्थल विकसित करने की मांग की। साथ ही डिग्री कॉलेज चौराहा से कचहरी तक के व्यस्त मार्ग का चौड़ीकरण कर डिवाइडर निर्माण कराने, गति सीमा तय करने व स्पीड ब्रेकर-संकेतक लगाने का आग्रह किया। ई-रिक्शा संचालन को व्यवस्थित करने के लिए रूट निर्धारण और नाबालिग चालकों पर रोक लगाने की भी मांग उठाई गई।
ऐतिहासिक मूलचंद धर्मशाला का जीर्णोद्धार और तालाबों का संरक्षण
संगठन ने रेलवे स्टेशन के पास स्थित लगभग 100 वर्ष पुरानी ऐतिहासिक मूलचंद धर्मशाला के जर्जर होने पर चिंता जताते हुए इसके आधुनिकीकरण की मांग की, ताकि बाहर से आने वाले यात्रियों और मरीजों के तीमारदारों को इसका लाभ मिल सके। इसके अलावा टनकपुर हाईवे स्थित ड्रमंड कॉलेज के सामने गौहनिया तालाब की बाउंड्री वॉल निर्माण, बाटर वर्क्स परिसर में बनी दुकानों का पारदर्शी आवंटन कराने तथा वाटर बॉक्स के पीछे स्थित प्राचीन दशमा मणि स्थल व ग्रामीण शवदाह स्थलों को अतिक्रमण मुक्त कर मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराने की बात कही।
सरकारी नजूल भूमि और मिलावटखोरी पर सख्त कार्रवाई की मांग
हिन्दू महासभा ने लकड़ी मंडी क्षेत्र स्थित फौजी पड़ाव की सरकारी नजूल भूमि और वहां संचालित आरा मशीनों की निष्पक्ष जांच व सीमांकन कराने की मांग की। संगठन ने सुझाव दिया कि इस भूमि को सुरक्षित कर यहां पार्किंग, फायर ब्रिगेड केंद्र या गौशाला जैसी जनोपयोगी सुविधाएं विकसित की जाएं। इसके अलावा जनपद में शत्रु संपत्तियों, तालाबों व ग्राम समाज भूमि से अवैध कब्जे हटाने और दूध, पनीर, तेल व मिठाइयों में मिलावटखोरी पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाने की मांग की गई।
रात में सड़क हादसों से बचाव के लिए निराश्रित गौवंशों पर रिफ्लेक्टिव पेंट अथवा रेडियम पट्टियां लगाने तथा बंद पड़े सार्वजनिक शौचालयों को नियमित संचालित करने का भी ज्ञापन में उल्लेख किया गया।
जिलाध्यक्ष पंडित पंकज शर्मा ने कहा कि उठाए गए सभी मुद्दे सीधे आमजन की सुरक्षा, स्वास्थ्य और आस्था से जुड़े हैं। इस दौरान जिला महामंत्री भूपेंद्र सिंह, युवा जिलाध्यक्ष गौरव शर्मा, युवा जिला महामंत्री आयुष सक्सेना, रवि जायसवाल, सुनील कश्यप, सुनील अवस्थी, पिंटू पाल, जितेंद्र मौर्य, मनोज वर्मा, महंत अवनीश रतन, गंगा प्रकाश मौर्य, बिंदु सिंह, कविता वंशवाल, सुमन कश्यप, गीता मिश्रा, वीनू पाठक सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पीलीभीत: शहर से सटी अवध नगर कॉलोनी के निवासियों ने जर्जर सड़क के पुनर्निर्माण और…
उन्नाव। जनपद के सुमेरपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत ऊंचगांव में स्थित प्राचीन शिव मंदिर और…
बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। आज सोमवार को कस्बे की मुख्य बाजार में एक युवक सर्राफा दुकान से…
कनागत खाकर ससुराल से लौट रहे थे पिता-पुत्र, पतरसिया मोड़ पर हुआ हादसा दो साल…
मीरगंज (बरेली)। कस्बे से गुजर रहे नेशनल हाईवे किनारे स्थित भाखड़ा नदी में एक अज्ञात…
बरेली । सदर तहसील में सोमवार को बिथरी चैनपुर ब्लॉक की शिक्षिकाओं ने सदर तहसीलदार…