पीलीभीत।शहर में गरीब ठेले, रेहड़ी और खोमचे वालों के साथ हो रहे कथित उत्पीड़न, अतिक्रमण हटाओ अभियान में भेदभाव और स्थायी वेंडिंग जोन निर्धारित किए जाने की मांग को लेकर शुक्रवार को हिंदू महासभा ने जिला प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपकर प्रशासन पर गरीबों की रोजी-रोटी के प्रति संवेदनहीनता का आरोप लगाया।
अतिक्रमण अभियान में भेदभाव का आरोप
ज्ञापन में कहा गया है कि महंगाई के इस दौर में सड़क किनारे या फुटपाथ पर ठेला-खोमचा लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करने वाले मेहनतकश लोगों को आए दिन परेशान किया जा रहा है। कोई कर्ज लेकर तो कोई जीवनभर की जमा-पूंजी लगाकर छोटा कारोबार करता है, लेकिन मास्टर प्लान और अतिक्रमण अभियान के नाम पर सबसे पहले इन्हीं पर कार्रवाई होती है। संगठन ने सवाल उठाया कि क्या मास्टर प्लान केवल गरीबों के लिए है? बड़े दुकानदारों और रसूखदार लोगों द्वारा सड़क और फुटपाथ तक सामान फैलाकर किए गए अतिक्रमण पर प्रशासन की कार्रवाई कमजोर क्यों पड़ जाती है?
संगठन ने यह भी याद दिलाया कि पूर्व में तत्कालीन नगर मजिस्ट्रेट को दिए गए ज्ञापन के बाद शहर में दो-तीन स्थान चिह्नित किए गए थे, लेकिन आज तक उन्हें धरातल पर लागू नहीं किया गया।
अवैध वसूली की जांच और प्रमुख बाजारों में समान कार्रवाई की मांग
हिंदू महासभा ने ठेले वालों से होने वाली अवैध वसूली की शिकायतों पर गंभीर चिंता जताते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। इसके साथ ही चूने वाली गली, रामस्वरूप पार्क, मिर्च मंडी, जेपी रोड, गुड़ मंडी और लोहा मंडी सहित शहर के प्रमुख बाजारों में बिना किसी भेदभाव के समान रूप से अतिक्रमण हटाने तथा चिह्नित पार्किंग स्थलों को शीघ्र लागू करने की मांग उठाई गई।
संगठन ने स्पष्ट किया कि वे अतिक्रमण हटाने के खिलाफ नहीं हैं, बल्कि इसके नाम पर होने वाले भेदभाव के विरोध में हैं। बिना उचित नोटिस के किसी का ठेला या सामान जब्त न किया जाए और पहले गरीबों के रोजगार के लिए स्थायी वेंडिंग जोन की व्यवस्था की जाए।
गरीबों की रोजी-रोटी छीनना उचित नहीं: पं. पंकज शर्मा
जिलाध्यक्ष पं. पंकज शर्मा ने कहा कि गरीब आदमी भी इसी शहर का नागरिक है और उसे सम्मानपूर्वक मेहनत करके अपने परिवार का पेट पालने का पूरा अधिकार है। प्रशासन की जिम्मेदारी केवल गरीबों को हटाना नहीं, बल्कि उनकी समस्याओं का समाधान करना भी है। उन्होंने चेतावनी दी कि हिंदू महासभा मेहनतकश लोगों के अधिकारों के लिए आगे भी संघर्ष करती रहेगी।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष पं. पंकज शर्मा, युवा जिला महामंत्री आयुष सक्सेना, नगर अध्यक्ष सुनील कश्यप, युवा जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र मौर्य, जिला सचिव विकास सोनकर, करन आनंद, योगी गंगवार, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष सर्वेश कश्यप, नरेंद्र श्रीवास्तव, महिला जिलाध्यक्ष बिंदु सिंह, महिला जिला महामंत्री मेनका पाठक और मीना शर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बरखेड़ा। थाना क्षेत्र के एक गांव से नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने का मामला…
बरखेड़ा।आज शुक्रवार 26 नबम्बर को ग्राम पंचायत सचिवालय खजुरिया पचपेड़ा में खुली बैठक में गांव…
6 दिसंबर को बरेली में होगा नवम सजातीय वैवाहिक परिचय सम्मेलन मीरगंज में महासचिव ओपी…
बरेली। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बस की ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसे देखकर…
बरखेड़ा। कस्बे में आज पवन मोबाइल पर नियुक्त का0 प्रदीप कुमार एवं का0 अंकित कुमार…
बरखेड़ा। बजाज शुगर मिल के नए नियमों से परेशान किसानों का गुस्सा फूट पड़ा है।…