Latest Posts
   
home बदायूँ बरेली राज्य राष्ट्रीय 

9 साल के प्यार का दर्दनाक अंत: पत्नी ने ही रची पति की हत्या की साजिश, सुसाइड दिखाने की कोशिश

बरेली। बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र स्थित कैलाशपुरम कॉलोनी से सामने आया यह मामला रिश्तों को शर्मसार करने वाला है। यहां 9 साल तक प्रेम संबंध में रहने के बाद विवाह बंधन में बंधे संविदा कर्मी जितेंद्र यादव की मौत की गुत्थी अब सुलझ गई है। जांच में साफ हो गया है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या थी—और आरोपी कोई और नहीं, बल्कि उसकी पत्नी ज्योति ही निकली।

जितेंद्र यादव और ज्योति के बीच करीब नौ वर्षों से प्रेम संबंध था। लंबे इंतजार के बाद दोनों ने शादी की, लेकिन शादी के कुछ ही महीनों बाद जितेंद्र की जिंदगी तनाव और प्रताड़ना से भर गई। परिजनों का आरोप है कि रोडवेज में कंडक्टर ज्योति लगातार जितेंद्र पर दबाव बना रही थी कि वह गांव की जमीन बेचकर शहर में मकान और कार उसके नाम पर खरीदे। जितेंद्र के इनकार करने पर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा।

कुछ समय बाद जितेंद्र की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। शुरुआती तौर पर मामला आत्महत्या का माना गया, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच ने सच्चाई उजागर कर दी। रिपोर्ट में सामने आया कि जितेंद्र की गला दबाकर हत्या की गई थी और बाद में शव को फंदे से लटका कर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई।

हत्या की पुष्टि होते ही परिजनों ने पत्नी ज्योति पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना था कि ससुराल पक्ष भी जितेंद्र पर दबाव बना रहा था और जमीन व संपत्ति न देने पर उसे झूठे दहेज केस में फंसाने की धमकी दी जा रही थी।

पुलिस जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। घटना वाले दिन ज्योति की आखिरी बातचीत अपने मायके पक्ष से हुई थी। सीसीटीवी फुटेज में ससुराल पक्ष के कुछ लोगों की मौजूदगी भी सामने आई, जिससे शक और गहरा गया। पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो ज्योति टूट गई और उसने हत्या की साजिश स्वीकार कर ली।

फिलहाल पुलिस ने मृतक की पत्नी ज्योति समेत उसके दो रिश्तेदारों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है। बरेली पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करते हुए चार्जशीट दाखिल की जाएगी।

Related posts

Leave a Comment

error: Content is protected !!