ग्राम समाज की जमीन पर अवैध निर्माण का प्रयास, ग्राम प्रधान समेत चार गिरफ्तार
बरखेड़ा।क्षेत्र के विक्रमपुर गांव में ग्राम समाज की खाली पड़ी भूमि पर बिना अनुमति अवैध निर्माण किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस और प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम प्रधान समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार की रात विक्रमपुर गांव में कुछ लोगों द्वारा ग्राम समाज की भूमि पर नींव के लिए गड्ढे खोदकर पिलर बनाने का काम शुरू किया गया था। बुधवार सुबह मामले की जानकारी होने पर ग्रामीणों में तनाव की स्थिति बन गई। ग्रामीणों ने आपसी स्तर पर मामले को सुलझाने और आम सहमति बनाने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और निर्माण कार्य को तत्काल रुकवा दिया। लेखपाल कृष्ण कुमार की शिकायत पर पुलिस ने सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे और निर्माण के प्रयास के आरोप में मुकदमा दर्ज किया।कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चार आरोपियों प्रधान मो. फारूक, शोहरत, मो. शाकिर और इकबाल को गिरफ्तार कर लिया। विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। प्रशासन की ओर से मामले में अग्रिम कार्रवाई जारी है।