काल बनी रफ्तार: बाइक-साइकिल की भिड़ंत में तीन घरों के चिराग बुझे
बरेली। रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। हाफिजगंज थाना क्षेत्र में हुए एक भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल और साइकिल के बीच हुई आमने-सामने की टक्कर में 22 वर्षीय युवक और दो किशोरों की मौत हो गई। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।
हादसा उस वक्त हुआ जब हाफिजगंज का रहने वाला पुष्पेंद्र (22) अपनी बाइक से बहन के घर जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक की रफ्तार बहुत तेज थी। इसी दौरान सामने से आ रहे साइकिल सवार दो किशोरों से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पुष्पेंद्र ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे में साइकिल पर सवार दो किशोर, भानु (12) और सुरेंद्र (15), गंभीर रूप से घायल हो गए । राहगीरों ने आनन-फानन में दोनों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान दोनों किशोरों की भी मौत हो गई। एक साथ तीन मौतों की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया है।
सूचना मिलते ही हाफिजगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने तीनों शवों का पंचनामा भरकर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
