Latest Posts
   
home उत्तरप्रदेश बदायूँ बरेली राज्य राष्ट्रीय 

सनसनी: खेत में मिला युवक का अधजला शव, पहचान मिटाने की खौफनाक साजिश।

  • मर्डर कर लाश को फूंकने की आशंका, मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम


बरेली सिरौली।थाना क्षेत्र के धनौरा गौरी गांव में गुरुवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने एक खेत में एक अज्ञात पुरुष का अधजला शव देखा। लाश मिलने की खबर इलाके में आग की तरह फैल गई और देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। मृतक की उम्र करीब 35 वर्ष आंकी जा रही है। घटना की भयावहता को देखते हुए कयास लगाए जा रहे हैं कि युवक की हत्या कहीं और की गई और पहचान छुपाने के मकसद से लाश को यहाँ लाकर जला दिया गया।
कहीं और कत्ल यहाँ ठिकाने लगाने का शक
प्रथम दृष्टया मामला बेहद पेचीदा और सोची-समझी साजिश का हिस्सा लग रहा है। जिस बेरहमी से शव को जलाने की कोशिश की गई है, उससे साफ है कि आरोपी युवक की शिनाख्त पूरी तरह मिटाना चाहते थे। ग्रामीणों की सूचना पर तुरंत एक्शन में आए थाना सिरौली प्रभारी विनोद सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत आलाधिकारियों को सूचना दी और घटनास्थल को घेरे में ले लिया।
वारदात के पीछे के शातिर दिमागों तक पहुंचने के लिए थाना प्रभारी विनोद सिंह ने फौरन फोरेंसिक टीम को मौके पर बुला लिया। फोरेंसिक एक्सपर्ट्स ने बारीकी से घटनास्थल का मुआयना किया और फिंगरप्रिंट्स व अन्य अहम साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना प्रभारी विनोद सिंह ने बताया कि मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास के थानों को भी लापता लोगों की सूची के लिए अलर्ट कर दिया गया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस खौफनाक वारदात का पर्दाफाश कर आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और हर जुबां पर बस यही चर्चा है कि आखिर यह बदनसीब कौन था और इसे इतनी खौफनाक मौत किसने दी।

Related posts

Leave a Comment

error: Content is protected !!