नाला निर्माण के अतिक्रमण पर गरमाया मामला, स्थानीय विरोध के चलते प्रशासनिक बुलडोजर कार्रवाई बेअसर
पीलीभीत।बीसलपुर मार्ग के किनारे नगर पंचायत बरखेड़ा द्वारा बस्ती के जल निकास के लिए बनाए जा रहे नाले के निर्माण कार्य में बाधा बने अतिक्रमण को हटाने पहुँची राजस्व विभाग, नगर पंचायत और पुलिस की संयुक्त टीम को स्थानीय लोगों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। कड़े विरोध और हंगामे के बीच प्रशासनिक टीम औपचारिकता पूरी कर वापस लौटने को मजबूर हो गई।
बुधवार को सुबह लगभग 11 बजे नगर पंचायत और राजस्व विभाग की टीम भारी पुलिस बल के साथ बरखेड़ा के ब्लॉक तिराहे पर पहुँची, जिससे अतिक्रमणकारियों और दुकानदारों में खलबली मच गई।टीम ने नाला निर्माण के दायरे में आने वाले अतिक्रमण को हटाने की चेतावनी दी, जिस पर स्थानीय मकान मालिकों ने कड़ा विरोध जताया। स्थिति को गर्माता देख नायब तहसीलदार वीरपाल ने विरोध कर रहे लोगों से बातचीत की, जहाँ कुछ लोगों द्वारा दो दिन का समय मांगे जाने पर उन्हें स्वयं अतिक्रमण हटाने की मोहलत दी गई,विरोध के बीच कुछ खाली पड़ी जगहों पर छिटपुट कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया गया, लेकिन महज एक घंटे के बाद ही बापस लौटना पड़ा।
गौरतलब है कि लगभग एक वर्ष पूर्व नगर पंचायत बरखेड़ा द्वारा दो किलोमीटर लंबे नाले के निर्माण के लिए दो करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए थे। गोपी कॉलोनी से ब्लॉक तिराहे तक तो नाले का निर्माण पूरा हो चुका है, परंतु ब्लॉक तिराहे से उत्तर की ओर मकान मालिकों और नगर पंचायत के बीच आपसी समन्वय न बन पाने के कारण कई हिस्सों में निर्माण कार्य अधूरा पड़ा हुआ है। इस अधूरे निर्माण के कारण स्थानीय बस्तियों में जलभराव की गंभीर समस्या बनी हुई है, जिससे आम जनता नारकीय जीवन जीने को मजबूर है।
