बहादुरपुर हुकमी में आवादी के बीच घुसा तेंदुआ, दो बकरियों पर किया हमला,ग्रामीणों में दहशत
बरखेड़ा।क्षेत्र के ग्राम बहादुरपुर हुकमी में तेंदुए का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले करीब एक महीने से क्षेत्र में दहशत का माहौल है, लेकिन ताजा घटना ने ग्रामीणों की चिंता को और बढ़ा दिया है। मंगलवार को तेंदुआ सीधे गांव की घनी आबादी के बीच जा पहुंचा और वहां दो बकरियों को अपना शिकार बनाया।
ग्रामीणों के अनुसार, तेंदुए ने आवादी के बीचों-बीच हमला कर दो बकरियों को निशाना बनाया। इस हमले में एक बकरी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गई है। गनीमत यह रही कि इस दौरान तेंदुए का सामना किसी ग्रामीण से नहीं हुआ, अन्यथा एक बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। टीम ने गांव के अंदर पहुंचकर जांच की और आवादी के बीच तेंदुए के पगमार्क (पंजों के निशान) पाए जाने की पुष्टि की है।
ग्रामीणों ने बताया कि तेंदुए की दहशत कोई नई नहीं है। लगभग 10 दिन पहले भी बजाज चीनी मिल के पीछे झाड़ियों में एक सियार को तेंदुए ने अपना शिकार बनाया था। उस घटना के बाद वन विभाग द्वारा तेंदुए को पकड़ने के लिए एक पिंजरा भी लगाया गया था, लेकिन तेंदुआ उसमें नहीं फंसा। पिंजरा बेअसर साबित होने के बाद अब तेंदुआ घूमते-घूमते सीधे गांव की आवादी तक पहुंच गया है।
तेंदुए के इस तरह दिनदहाड़े और आवादी के बीच बेखौफ घूमने से ग्रामीणों में भारी दहशत और भय का माहौल है। लोगों का कहना है कि यदि वन विभाग ने जल्द ही इस आदमखोर या जंगली जानवर को पकड़ने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए, तो कोई बड़ा जन नुकसान हो सकता है। ग्रामीणों ने वन विभाग से पिंजरे बढ़ाने और क्षेत्र में गश्त तेज करने की मांग की है।