पुलिस ने डीजल चोरी करने वाले चार शातिर बदमाश दबोचे
- चोरी का 60 लीटर डीजल, अवैध तमंचा, चाकू व कार बरामद
बरखेड़ा। थाना बरखेड़ा पुलिस ने सड़क किनारे खड़े वाहनों से डीजल चोरी करने वाले चार शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया 60 लीटर डीजल, एक अवैध तमंचा, एक चाकू तथा घटना में प्रयुक्त कार बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों में एक अभियुक्त थाना पूरनपुर क्षेत्र में लूट की योजना बनाने के मामले में भी वांछित था।
बुधवार तड़के मुखबिर की सूचना पर बरखेड़ा पुलिस ने भोपतपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास इंडियन ऑयल पंप रोड किनारे घेराबंदी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी का 60 लीटर डीजल, अवैध तमंचा, चाकू तथा घटना में प्रयुक्त कार बरामद की।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सौरभ पुत्र सत्यपाल वर्मा निवासी भैंसहा खालपुर, अभिषेक पुत्र सर्वेश पाठक निवासी मुड़िया हुलास, दिनेश कुमार पुत्र मिठ्ठेलाल निवासी गहलुइया थाना शेरगढ़ (बरेली) तथा लाल सिंह पुत्र राजेन्द्र प्रसाद निवासी सिमरा अकबरगंज थाना बीसलपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार सौरभ थाना पूरनपुर में एक थोक किराना व्यापारी के कैश कलेक्शन करने वाले मुनीम से लूट की योजना बनाने के मामले में दर्ज मुकदमे में भी वांछित चल रहा था। उसके कब्जे से अवैध तमंचा भी बरामद हुआ है।
बरामदगी के आधार पर थाना बरखेड़ा में मुकदमा संख्या 295/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2), 317(5) एवं आर्म्स एक्ट की धारा 3/4/25 में मुकदमा दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।