Latest Posts
   
home उत्तरप्रदेश बदायूँ बरेली राज्य राष्ट्रीय 

अरिल नदी में गिरे तीन बाइक सवार युवकों में दो युवकों के शव बरामद, तीसरे की तलाश में जुटी SDRF, मौके पर पहुंचे एसडीएम और नायब तहसीलदार

बरेली।आंवला के मझगवां ब्लॉक के ग्राम ढलुआपुर दाखोरा में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। रपटा पुल से एक मोटरसाइकिल सवार तीन युवक अरिल नदी में गिर गए। हादसा 7 सितंबर  को शाम लगभग 6 बजे का बताया जा रहा है। हादसे के बाद से ही पूरे गांव में अफरा-तफरी और मातम का माहौल है।

जानकारी के अनुसार तीनों युवक आंवला से अपने घर बिशारतगंज की तरफ लौट रहे थे। तीनों एक ही मोटरसाइकिल पर सवार थे। जब वह ग्राम ढलुआपुर दाखोरा में स्थित रपटा पुल पर पहुंचे तो पुल के ऊपर से बरसात का पानी तेज बहाव के साथ बह रहा था। ग्रामीणों के अनुसार पुल काफी नीचे है और हर बरसात में इसके ऊपर पानी आ जाता है। पानी के तेज बहाव के कारण मोटरसाइकिल अनियंत्रित हो गई और देखते ही देखते तीनों युवकों समेत नदी में समा गई। नदी में उस समय पानी का बहाव काफी तेज था, जिससे तीनों बह गए।

ग्रामीणों की सूचना पर, आन-फानन में पहुंची पुलिस

हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके की तरफ दौड़े। ग्रामीणों ने शोर मचाया और तुरंत ऑवला पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही ऑवला थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने तत्काल उच्च अधिकारियों को अवगत कराया और गोताखोरों को बुलाया। अंधेरा होने के कारण रविवार शाम को सर्च ऑपरेशन में काफी परेशानी हुई।

दूसरे दिन SDRF ने संभाला मोर्चा, मंगलवार दोपहर तक दो शव बरामद

प्रशासन ने सोमवार सुबह से ही यूपी SDRF की टीम को मौके पर बुला लिया। एसडीआरएफ की टीम और स्थानीय गोताखोरों ने मिलकर अरिल नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया। नदी में तेज बहाव और गहराई के कारण बचाव कार्य में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लगातार दो दिनों तक चले सर्च अभियान के बाद बड़ी कामयाबी मिली।

जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर 3 बजे तक टीम ने दो युवकों के शव नदी से बरामद कर लिए हैं। तीसरे युवक की तलाश अभी भी जारी है। एसडीआरएफ की टीम नदी के अलग-अलग हिस्सों में सर्च कर रही है।

मृतकों की हुई पहचान

बरामद किए गए शवों की पहचान बिशन स्वरूप पुत्र विनोद बाल्मीकि और प्रेम मौर्य पुत्र इतबारी लाल के रूप में हुई है। दोनों मृतक बिशारतगंज क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। तीसरे युवक की पहचान अभी नहीं हो पाई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

आला अधिकारियो के मौके पर पहुंचे 

घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर प्रशासनिक अधिकारी भी पहुंचे। बचाव कार्य का जायजा लेने के लिए एसडीएम सुशील कुमार मिश्रा और नायब तहसीलदार प्रतिष्ठा साहू मौके पर मौजूद रहीं। अधिकारियों ने एसडीआरएफ की टीम को जल्द से जल्द तीसरे युवक का पता लगाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।

ग्रामीणों में आक्रोश, रपटा पुल को ऊंचा करने की मांग

इस हादसे के बाद ग्रामीणों में प्रशासन के खिलाफ आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि ढलुआपुर दाखोरा का रपटा पुल बहुत पुराना और जर्जर है। हर साल बरसात में इस पुल पर 2 से 3 फीट तक पानी बहता है, जिससे आवागमन बंद हो जाता है और हादसे का खतरा बना रहता है। कई बार इस पुल को ऊंचा और पक्का बनाने की मांग की गई है, लेकिन आज तक कोई सुनवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने इस हादसे के बाद फिर से प्रशासन से पुल को ऊंचा बनवाने और सुरक्षा व्यवस्था करने की मांग की है।

 

Current News

Leave a Comment

error: Content is protected !!