ऐतिहासिक श्री कृष्ण जन्माष्टमी मेला बैठक आयोजित, वृंदावन की रासलीला रहेगी मुख्य आकर्षण
बरखेड़ा:नगर के नवनिर्मित श्री कृष्ण जन्माष्टमी मेला कमेटी कार्यालय में गुरुवार को कमेटी की एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेले के भव्य आयोजन को लेकर रूपरेखा तैयार की गई और कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
मेला अध्यक्ष ध्रुव कुमार पांडेय ने जानकारी देते हुए बताया कि बरखेड़ा का ऐतिहासिक 138वां श्री कृष्ण जन्माष्टमी मेला 16 सितंबर से शुरू होकर 27 सितंबर तक चलेगा। इस बार मेले का मुख्य आकर्षण वृंदावन से पधारे रंगमंच कलाकारों द्वारा प्रस्तुत की जाने वाली रासलीला होगी। इसके साथ ही मेले में क्षेत्रीय नाटक, कृष्ण लीला और विराट दंगल का भी विशेष प्रदर्शन किया जाएगा।
क्षेत्र के गरीब परिवारों को ध्यान में रखते हुए कमेटी ने बड़ा फैसला लिया है। कमेटी के अन्य सदस्यों के प्रस्ताव पर विचार करने के बाद मेले में लगने वाले बड़े झूलों और मैजिक शो आदि के टिकटों के दाम घटा दिए गए हैं। अब इन सभी शो के टिकट मात्र 30 रुपये कर दिए गए हैं, ताकि हर वर्ग के लोग मेले का आनंद उठा सकें।
बैठक के तुरंत बाद कमेटी के सदस्यों ने बाजार मैदान पहुंचकर रासलीला मंचन के लिए बनाए जाने वाले मंच के वास्ते भूमि पूजन किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पीतम राम भोजवाल ने की। इस अवसर पर मेला कमेटी के अध्यक्ष ध्रुव कुमार पांडेय, कोषाध्यक्ष अशोक कुमार गुप्ता, महामंत्री कैलाश मौर्य, मनोज सक्सेना, भीमसेन भारती, रामस्नेही यादव, जितेंद्र सैनी, मर्फी सक्सेना, श्याम सक्सेना, राधेश्याम भोजवाल, लक्ष्मीकांत भोजवाल और सुम्मेर लाल भोजवाल सहित कमेटी के तमाम गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।