कार से टकराकर ई-रिक्शा पलटा, चार घायल,एक की हालत गंभीर
बरखेड़ा। बीसलपुर-पीलीभीत मार्ग पर गुरुवार दोपहर करीब दो बजे ग्राम पौटा व मजार के बीच आगे चल रही कार से टकराकर ई-रिक्शा पलट गया। हादसे में ई-रिक्शा सवार चार लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चालक ने किसी कार्य के चलते अचानक वाहन रोक दिया। पीछे से तेज गति से आ रहा ई-रिक्शा चालक नियंत्रण नहीं रख सका और कार में जा घुसा। टक्कर के बाद ई-रिक्शा पलट गया और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
मौके पर मौजूद लोगों ने ई-रिक्शा सीधा कर घायलों को बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरखेड़ा ले जाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल रफीक अहमद को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं आफरीन (16), रोजी (5) और मुस्तकीम (4) का उपचार सीएचसी में चल रहा है। सभी घायल ग्राम पौटा कलां के निवासी बताए गए हैं।
सूचना पर जिरोनिया चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार व ई-रिक्शा को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी।
