Latest Posts
   
home उत्तरप्रदेश पीलीभीत राज्य राष्ट्रीय 

चेकिंग और चालान की शिकायत पर भड़के बरखेड़ा विधायक, बोले- बंद कराइए यह चालान, अनर्गल परेशान किया तो मुझसे बुरा कोई नहीं

पीलीभीत/बरखेड़ा। कस्बे में बुधवार शाम आयोजित श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मेले के उद्घाटन समारोह के दौरान उस समय माहौल गरमा गया, जब एक युवक ने मंच से माइक लेकर बरखेड़ा विधायक के सामने कस्बे की एक समस्या रखी। युवक ने गाजीपुर तिराहे पर कथित रूप से अधिक चेकिंग होने और चालान के डर से ग्राहकों के बाजार में नहीं आने की शिकायत की।

युवक ने विधायक से कहा कि चेकिंग और चालान के चलते व्यापार प्रभावित हो रहा है। शिकायत सुनने के बाद विधायक ने मंच पर मौजूद थाना प्रभारी सत्येंद्र कुमार से सीधे सवाल किया कि आखिर ऐसा क्यों हो रहा है।

विधायक ने पुलिस को संबोधित करते हुए कहा कि जब क्षेत्र का विधायक ईमानदारी से काम कर रहा है और किसी पुलिसकर्मी से चाय तक नहीं पीता, तो फिर इस तरह चालान कैसे हो रहे हैं। विधायक ने मौके से ही चालान बंद कराने के निर्देश दिए और कहा कि उन्हें नियम-कानून न सिखाया जाए।

विधायक ने आगे कहा कि जब जनप्रतिनिधि ईमानदारी से काम कर रहा है तो प्रशासन को भी ईमानदारी से काम करना चाहिए। उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि यदि किसी व्यक्ति को अनर्गल तरीके से परेशान किया गया तो वह इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

विधायक के इस तेवर और मंच से पुलिस अधिकारी को दिए गए सार्वजनिक निर्देश का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने की बात कही जा रही है। वीडियो सामने आने के बाद कस्बे में विधायक के इस अंदाज को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।

Current News

Leave a Comment

error: Content is protected !!