Latest Posts
   
home उत्तरप्रदेश पीलीभीत राज्य राष्ट्रीय 

नकली सोने पर फर्जी हॉलमार्क लगाकर ठगी करने वाले दो गिरफ्तार, सात जेवर और झाले बरामद

पीलीभीत/बीसलपुर। नकली सोने के आभूषणों पर फर्जी हॉलमार्क लगाकर सर्राफा कारोबारियों को ठगने वाले गिरोह का बीसलपुर पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर चार नकली सोने की अंगूठियां, तीन नकली सोने की चेन और एक जोड़ी नकली सोने के झाले बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार बीसलपुर सर्राफा एसोसिएशन कमेटी के अध्यक्ष गोपाल कृष्ण अग्रवाल ने 16 सितंबर को तहरीर देकर बताया था कि कुछ लोग फर्जी 18K 750HM हॉलमार्क लगी नकली सोने की चेन बेचने पहुंचे थे। जांच में जेवर नकली पाए जाने पर आरोपी मौके से फरार हो गए थे।

तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ने 17 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए राहुल पुत्र जागन लाल, निवासी कुंआडांडा खंजन, थाना खुदागंज, शाहजहांपुर और अनुराग सिंह पुत्र विश्वनाथ सिंह, निवासी मोहल्ला बख्तारलाल, बीसलपुर को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर नकली जेवरों पर फर्जी हॉलमार्क लगाकर सर्राफा कारोबारियों को असली सोने के नाम पर ठगने की बात बताई। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर विभिन्न ज्वैलरी दुकानों पर बेचे गए नकली आभूषण बरामद किए। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को पुलिस ने न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

Current News

error: Content is protected !!