श्री कृष्ण जन्माष्टमी मेला: वृंदावन के कलाकारों ने किया कालिया मर्दन का सजीव मंचन, गूंजे भगवान के जयकारे
बरखेड़ा:कस्बा बरखेड़ा में आयोजित श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मेले के तीसरे दिन रात्रि में रंगमंच पर वृंदावन से आए कलाकारों ने अत्यंत मनमोहक प्रस्तुति दी। कलाकारों ने भगवान श्रीकृष्ण द्वारा कालिया नाग के उत्पात से गोकुलवासियों को मुक्ति दिलाने और नाग के घमंड को चूर-चूर करने की लीला का सुंदर मंचन किया।
लीला के दौरान दिखाया गया कि किस प्रकार यमुना नदी में कालिया नाग के विष के कारण जल पूरी तरह दूषित हो गया था, जिससे गोकुलवासी और ब्रज के जीव-जंतु बेहद परेशान थे। जनजीवन पर छाए इस गंभीर संकट को दूर करने के लिए भगवान श्रीकृष्ण ने यमुना नदी में छलांग लगाई और कालिया नाग को अपने वश में कर लिया। नाग के फनों पर किए गए उनके दिव्य नृत्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
अंततः कालिया नाग को अपनी गलती का अहसास हुआ और उसने भगवान श्रीकृष्ण से क्षमा मांगी। भगवान ने उसे यमुना नदी को छोड़कर समुद्र में जाने का आदेश दिया। इस प्रकार भगवान श्रीकृष्ण ने गोकुलवासियों को कालिया नाग के भय से पूरी तरह मुक्त कर दिया।
जैसे ही भगवान श्रीकृष्ण ने कालिया नाग को अपने वश में किया, पूरा पंडाल भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से गूंज उठा। इस अद्भुत और सजीव मंचन से प्रसन्न होकर मेला कमेटी के महामंत्री कैलाश मौर्य ने सभी कलाकारों को इनाम देकर सम्मानित किया। इस दौरान मेला परिसर में भारी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
