बरखेड़ा: बाइक विवाद में युवक की संदिग्ध मौत,परिजनों ने लगाया पीट-पीटकर हत्या कर पेड़ से लटकाने का आरोप

बरखेड़ा। थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम अलकथान में दो दिन पूर्व 22 अक्टूबर को एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटकती लाश मिलने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। मृतक के परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से इंकार करते हुए गाँव के ही चार लोगों और कुछ अज्ञात के खिलाफ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। परिजनों का आरोप है कि मामूली विवाद के चलते युवक की पीट-पीटकर हत्या करने के बाद उसके शव को फंदे से लटकाया गया है।कटकवारा गाँव की रहने वाली सुशीला देवी मृतक की बहन द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, यह पूरी घटना मोटरसाइकिल खड़ी करने को लेकर उपजे विवाद से जुड़ी है।
सुशीला देवी के दिनांक 21 अक्टूबर को भाई अजयपाल का रास्ते में मोटरसाइकिल खड़ी करने को लेकर पड़ोस के कुछ लोगों के साथ विवाद हो गया था। आरोप है कि उस दौरान आरोपियों ने अजयपाल के साथ मारपीट की और उसे जान से मारने की धमकी दी थी।शिकायत के मुताबिक, 22 अक्टूबर की सुबह करीब 11 बजे जब अजयपाल खेत में काम कर रहा था, तब नामजद आरोपियों ने उसे घेर लिया। परिजनों का आरोप है कि आरोपियों ने पहले उसकी बेरहमी से पिटाई की और फिर साक्ष्य छिपाने या हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए गले में रस्सी का फंदा डालकर उसे पेड़ से लटका दिया।
शिकायतकर्ता बहन ने पुलिस को बताया कि उनकी माँ वृद्ध और दिव्यांग हैं, तथा घर में वह खुद अकेली हैं। इस पारिवारिक लाचारी और सदमे की स्थिति के कारण पुलिस में शिकायत दर्ज कराने में कुछ विलंब हुआ। उन्होंने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिंग की पुष्टि हुई है। पुलिस परिजनों द्वारा दी गई तहरीर और लगाए गए गंभीर आरोपों को आधार बनाकर हर पहलू से बारीकी से जाँच कर रही है। जाँच रिपोर्ट और तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।