सोना दोगुना करने का झांसा देकर बुजुर्ग महिला के कुंडल -मंगलसूत्र ठगे

बरखेड़ा।सोना दोगुना करने का लालच देकर दो टप्पेबाजों ने बुजुर्ग महिला के सोने के कुंडल और मंगलसूत्र का लॉकेट ठग लिया। महिला को रुपये की गड्डी में कागज और पोटली में कंकड़ थमाकर दोनों फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। गांव अधकटा निवासी कन्हैया लाल के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब 12 बजे उनकी 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला कलावती कस्बा बरखेड़ा में मुख्य मॉर्ग पर ईदगाह के सामने आरा मशीन के पास मौजूद थीं। इसी दौरान दो टप्पेबाजों ने महिला को अपने झांसे में लेकर पांच सौ रुपये की गड्डी दिखाते हुए रुपये और सोना दोगुना करने का लालच दिया।इसके बाद दोनों महिला को स्टेशन रोड से बाजार होते हुए रेलवे स्टेशन के पास एकांत स्थान पर ले गए। वहां विश्वास में लेकर महिला के दोनों कानों के सोने के कुडल और मंगलसूत्र में लगा सोने का लॉकेट ले लिया। बदले में एक पोटली थमा दी, जिसमें कंकड़ थे। साथ ही रुपये की गड्डी से पांच सौ रुपये का एक नोट भी निकाल लिया। कुछ देर बाद महिला ने गड्डी और पोटली खोलकर देखी तो उसमें कागज और कंकड़ मिले। ठगी का एहसास होने पर महिला रेलवे स्टेशन पर ठगों को तलाशने पहुंची, लेकिन दोनों फरार हो चुके थे।महिला को रोता देखकर लोगों ने पूछताछ की तो ठगी की जानकारी हुई। बताया गया कि कलावती को उनका दामाद मोतीराम निवासी विक्रमपुर चकोरा, थाना निगोही, फरीदपुर रिश्तेदारी से मोटरसाइकिल पर लेकर आया था। आरा मशीन पर लकड़ी चिरवाने के दौरान महिला को अधकटा जाने के लिए भेज दिया था। दिनदहाड़े हुई ठगी से लोगों में दहशत है। थानाध्यक्ष सतेंद्र कुमार ने बताया कि ठगों की पहचान के लिये कस्बा में लगे सी सी टीबी कैमरों की मदद से जांच की जा रही हैं ,महिला की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर अग्रिम कार्यबाही की जा रही हैं।
