हाईटेंशन लाइन की चिंगारी से 10 एकड़ गन्ने की फसल जलकर राख

बरखेड़ा । अमखिरिया नहर मार्ग के पास शुक्रवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। बरखेड़ा से रामनगर की ओर जा रही 11 हजार वोल्ट हाईटेंशन बिजली लाइन से कौआ टकराने के कारण उठी चिंगारी से खेत में भीषण आग लग गई। हादसे में रम्पुरा नत्थू गांव के कई किसानों की लगभग 10 एकड़ गन्ने की खड़ी फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर करीब 12 बजे हाईटेंशन लाइन के तारों से कौआ टकरा गया। इससे तारों में तेज स्पार्किंग हुई और झुलसा हुआ कौआ खेत में गिर गया। तारों से झड़ी चिंगारियों ने गन्ने की सूखी पतई में तुरंत आग पकड़ ली। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और खेतों से धुएं व लपटों का गुबार उठने लगा।
आसपास मौजूद किसानों के शोर मचाने पर तमाम ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए और तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी गई। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक किसानों की 60 बीघा फसलें पूरी तरह खाक हो चुकी थीं।
आग की चपेट में आने से रम्पुरा नत्थू के आदेश कुमार, गोधनलाल व अशर्फीलाल पुत्रगण बेनीराम की 2 एकड़, शंकर लाल व मंगली प्रसाद पुत्रगण टीकाराम की 4.5 एकड़ अजय कुमार पुत्र लोकेश कुमार की 2 एकड़ हरिओम व राम चरण लाल की 1.5 एकड़ की गन्ने की फसल जल गई है।
घटना से पीड़ित किसानों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही पर रोष जताते हुए पीड़ित किसानों को जल्द से जल्द उचित सरकारी मुआवजा दिए जाने की मांग की।
