सुरक्षा गार्ड का संदिग्ध परिस्थितियों में मिला शव, बरखेड़ा-गजरौला मार्ग पर खाई में पड़ी मिली बाइक

बरखेड़ा-गजरौला मार्ग पर भोपतपुर और प्रतापपुर डंडी के बीच शनिवार सुबह सड़क किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में एक 27 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक जहानाबाद पुल पर सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता था। उसका शव और मोटरसाइकिल सड़क किनारे खाई में बरामद हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
जहानाबाद पुल पर ही तैनात थे पिता और पुत्र
मसीत गांव निवासी शांति स्वरूप के 27 वर्षीय पुत्र राजवीर जहानाबाद पुल पर सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत थे। दिलचस्प और दुखद यह है कि उनके पिता शांति स्वरूप भी इसी पुल पर बतौर सिक्योरिटी गार्ड ही नौकरी करते हैं।
परिजनों के मुताबिक, राजवीर की शादी को करीब चार साल हुए थे, और उनकी पत्नी पिछले तीन साल से अधिक समय से मायके में ही रह रही हैं। राजवीर दो भाइयों में बड़े थे, जबकि उनका छोटा भाई जितेंद्र घर पर रहकर पढ़ाई कर रहा है। घटना स्थल उनके मूल गांव से लगभग चार किलोमीटर की दूरी पर है।
कल शाम बाजार जाने की बात कहकर निकले थे
परिजनो ने बताया कि राजवीर शुक्रवार शाम करीब पांच बजे अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद बरखेड़ा बाजार से कुछ सामान खरीदने की बात कहकर निकले थे। चर्चा है कि कल वह दौलतपुर निवासी कमल के साथ थे। देर रात तक जब वह घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की और रात करीब 12 बजे पुलिस को सूचना दी। सूचना के बाद से ही पुलिस लगातार उनकी खोजबीन में जुटी हुई थी।
मृतक के पिता शांति स्वरूप ब ताऊ गणेश प्रसाद का कहना हैं कि उनके पुत्र की हत्या कर शब को खाईं में डाल दिया है।
पिता शांति स्वरूप ने बताया तलाश के दौरान शनिवार सुबह करीब छह बजे भोपतपुर ईंट भट्ठे के आगे सड़क किनारे खाई में राजवीर का शव संदिग्ध हालत में पड़ा मिला, और पास ही उनकी मोटरसाइकिल भी मिल गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। फील्ड यूनिट की टीम की जांच के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हर पहलू से मामले की गहराई से छानबीन की जा रही है।
थाना प्रभारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टि में दुर्घटना प्रतीत हो रही है शेष जांच की जा रही है।
