Latest Posts
   
home उत्तरप्रदेश पीलीभीत राज्य राष्ट्रीय 

ऐतिहासिक मेला मैदान में अवैध सड़क निर्माण पर आक्रोश, मेला कमेटी ने दी आंदोलन की चेतावनी

बरखेड़ा (पीलीभीत): 136 वर्षों से चली आ रही समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और ऐतिहासिक ‘श्री कृष्ण जन्माष्टमी मेला’ के अस्तित्व पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। नगर पंचायत द्वारा लीला मैदान के बीचों-बीच किए जा रहे अवैध सड़क निर्माण को लेकर विवाद गहरा गया है। मेला कमेटी ने इसे चेयरमैन की निजी स्वार्थ सिद्धि बताते हुए जिलाधिकारी को शिकायती पत्र भेजा है और उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।

मेला कमेटी के पदाधिकारियों का सीधा आरोप है कि नगर पंचायत चेयरमैन श्याम बिहारी भोजवाल अपने निजी प्लॉट को फायदा पहुँचाने के उद्देश्य से लीला मैदान के ठीक बीच में मिट्टी डलवाकर अवैध सड़क का निर्माण करा रहे हैं। शिकायतकर्ताओं के अनुसार, सरकारी नक्शे में मैदान के बीच ऐसी किसी भी सड़क का कोई प्रावधान नहीं है।

पदाधिकारियों ने तर्क दिया कि मैदान के पूर्व दिशा में पहले से ही एक आरसीसी रोड (RCC Road) मौजूद है। ऐसे में मैदान के बीचों-बीच नई सड़क बनाने का निर्णय न केवल अनुचित है, बल्कि इससे लीला मंचन और मेले के आयोजन के लिए पर्याप्त जगह भी नहीं बचेगी। यदि यह निर्माण नहीं रुका, तो सदियों पुरानी यह परंपरा समाप्त होने की कगार पर पहुँच जाएगी।

विवाद के बढ़ने पर मेला कमेटी के समस्त पदाधिकारी और सदस्य मैदान में जमा हुए और नगर पंचायत के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आक्रोशित सदस्यों ने मौके पर डाली गई मिट्टी के पास खड़े होकर प्रदर्शन किया और शासन-प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की। उनकी स्पष्ट मांग है कि मैदान के बीच डाली गई मिट्टी को तत्काल प्रभाव से हटवाया जाए ताकि मेले की भव्यता और लीला मंचन की जगह सुरक्षित रहे।

मेला कमेटी ने जिलाधिकारी को भेजे पत्र में स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस अवैध निर्माण को नहीं रोका गया, तो वे बड़े स्तर पर धरना-प्रदर्शन और आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।

पदाधिकारियों ने दो टूक शब्दों में कहा कि यदि इस विरोध के कारण कोई अव्यवस्था उत्पन्न होती है, तो इसकी पूर्ण जिम्मेदारी स्थानीय प्रशासन और शासन की होगी।

विरोध प्रदर्शन के दौरान मेला अध्यक्ष ध्रुवकुमार पांडेय, अशोक गुप्ता, कैलाश मौर्य, भीमसेन भारती, जितेंद्र सैनी, दीपक पांडेय, नन्हेलाल मौर्य, दीनदयाल भोजवाल, मनोहरलाल, मीनू शर्मा और जयगोपाल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और कमेटी सदस्य उपस्थित रहे।

Related posts

Leave a Comment

error: Content is protected !!