Latest Posts
   
home उत्तरप्रदेश पीलीभीत राज्य राष्ट्रीय 

पीलीभीत: स्कूल प्रबंधन की बड़ी लापरवाही, 6 साल की मासूम को बिना अभिभावक के स्कूल से निकाला; परिजनों ने डीएम से की शिकायत


पीलीभीत। शहर के एक निजी स्कूल ‘स्प्रिंगडेल पब्लिक स्कूल’ पर एक गंभीर आरोप लगा है। आरोप है कि स्कूल प्रशासन ने आरटीई (RTE) के तहत पढ़ने वाली 6 साल की एक मासूम बच्ची को बिना किसी सुरक्षा या अभिभावकों की अनुमति के स्कूल से बाहर निकाल दिया। इस मामले को लेकर पीड़ित परिवार ने जिलाधिकारी (DM) को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है।
क्या है पूरा मामला?
छतरी चौराहा निवासी आकाश राठौर ने बताया कि उनकी 6 साल की बहन पायल राठौर बल्लभनगर स्थित स्प्रिंगडेल पब्लिक स्कूल में पढ़ती है। मंगलवार (5 मई 2026) को दोपहर करीब 12:50 बजे स्कूल प्रबंधन ने बच्ची को अकेले ही स्कूल से बाहर भेज दिया। जब बच्ची रोते हुए अकेले घर पहुंची, तो परिवार वाले दंग रह गए।

शिकायतकर्ता के अनुसार, जब वे इस बात की शिकायत लेकर स्कूल पहुंचे, तो प्रधानाचार्य ने उनके साथ न केवल अभद्र भाषा का प्रयोग किया, बल्कि धमकी भी दी। आरोप है कि प्रधानाचार्य ने कहा, “तुम्हारा बच्चा आरटीई का छात्र है, उसे जब चाहे निकाल देंगे। हमें कानून मत सिखाओ, यहाँ के डीएम हम ही हैं।”

पीड़ित परिवार का कहना है कि स्कूल प्रशासन बिना एंट्री रजिस्टर पर हस्ताक्षर कराए बच्चों को गेट से बाहर निकाल देता है, जो बच्चों की सुरक्षा के साथ बड़ा खिलवाड़ है। उनके पास घटना से जुड़ी वीडियो रिकॉर्डिंग भी मौजूद है।
आकाश राठौर ने जिलाधिकारी से मांग की है कि स्कूल के प्रधानाचार्य और संबंधित स्टाफ के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में किसी और बच्चे के साथ ऐसी घटना न हो और न ही अभिभावकों के साथ दुर्व्यवहार किया जाए।

Current News

Leave a Comment

error: Content is protected !!