Latest Posts
   
home बदायूँ बरेली राज्य राष्ट्रीय 

पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़,महिलाओं से कुंडल लूटने वाले 4 शातिर गिरफ्तार, दो के पैर में लगी गोली

बरेली/बहेड़ी। थाना क्षेत्र में बीते 18 जून को महिलाओं से कुंडल लूटने की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने महज़ कुछ ही दिनों में सफल खुलासा कर दिया है। देर रात हुई एक मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। इस आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैरों में गोली लगी है, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, उनके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे।

क्या थी घटना?

पुलिस प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, गत 18 जून को चंद्रपाल नामक व्यक्ति अपनी पत्नी और सलहज (साली) के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान चुरैली नहर पुलिया के पास दो बाइकों पर सवार छह बेखौफ बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और महिलाओं के कानों के कुंडल लूटकर फरार हो गए थे। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था।

संयुक्त टीम ने बिछाया जाल, चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़

लूट की इस गंभीर वारदात के अनावरण के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सर्विलांस, एसओजी (SOG) और बहेड़ी पुलिस की एक संयुक्त टीम का गठन किया गया था। टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान स्थापित की।

देर रात पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी, तभी दो संदिग्ध बाइकें आती दिखाई दीं। पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया, तो वे भागने लगे। घेराबंदी के दौरान खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर सीधी फायरिंग झोंक दी।

“पुलिस की जवाबी कार्रवाई में विकास और सौरभ नाम के दो शातिर बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हुए हैं। गिरफ्तार आरोपियों के पास से लूटा गया माल और अवैध असलहे बरामद कर लिए गए हैं।”

पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान विकास, सौरभ, ललित और सचिन के रूप में हुई है। मुठभेड़ के दौरान विकास और सौरभ घायल हुए हैं।

पुलिस ने आरोपियों के पास से महिलाओं से लूटे गए कानों के टाप्स (कुंडल),03 तमंचे और भारी मात्रा में जिंदा व खोखा कारतूस बरामद किए हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं। इस मुठभेड़ के दौरान अंधेरे का लाभ उठाकर भागने में सफल रहे दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। जल्द ही उन्हें भी सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

Related posts

Leave a Comment

error: Content is protected !!