Latest Posts
   
home उत्तरप्रदेश पीलीभीत राज्य राष्ट्रीय 

​नगर पंचायत की लापरवाही, भीषण गर्मी में वाटर कूलर शोपीस बने, आक्रोशित लोगों ने किया प्रदर्शन

बरखेड़ा। भीषण गर्मी के इस प्रकोप में जहाँ शीतल जल की सबसे अधिक आवश्यकता है, वहीं नगर पंचायत बरखेड़ा की उदासीनता के चलते सार्वजनिक स्थानों पर लगे वाटर कूलर महीनों से शोपीस बने हुए हैं। प्रशासन की इस लापरवाही के खिलाफ आज कस्बावासियों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने स्टेशन रोड पर स्थित हनुमान मढ़ी स्थित खराब वाटर कूलर के सामने खड़े होकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
​मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी के सख्त निर्देशों के बावजूद बरखेड़ा में पेयजल व्यवस्था बदहाल है। अस्पताल परिसर, थाना परिसर, खंड विकास कार्यालय और स्टेशन रोड पर स्थित हनुमान मढ़ी जैसे महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थलों पर लगे वाटर कूलर महीनों से बंद पड़े हैं। राहगीरों और स्थानीय लोगों को पीने के साफ पानी के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
​ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने नगर पंचायत कार्यालय में कई बार लिखित और मौखिक शिकायतें कीं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी केवल आश्वासन देते रहे। सुध न लिए जाने के कारण मजबूरन लोगों को सड़क पर उतरना पड़ा।
विरोध प्रदर्शन के दौरान अर्पित शर्मा, राम स्वरूप शर्मा, माखन लाल, रवि गंगवार, राम निवास, वीरपाल, आनंद और भजनलाल समेत दर्जनों स्थानीय निवासी मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में व्यवस्था को तुरंत दुरुस्त करने की मांग की है।
उपजिलाधिकारी एवं अधिशासी अधिकारी नागेंद्र पांडेय ने इस मामले पर संज्ञान लेते हुए कहा कि वाटर कूलरों में आई तकनीकी खामियों की जांच कराई जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि जल्द ही सभी कूलरों की मरम्मत कराकर उन्हें आम जनता के लिए फिर से चालू कर दिया जाएगा।

Current News

Leave a Comment

error: Content is protected !!