कांवड़ यात्रा और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसपी सुकीर्ति माधव ने की समीक्षा बैठक
पीलीभीत। आगामी श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण व सुरक्षित संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक पीलीभीत सुकीर्ति माधव ने पुलिस लाइन स्थित सम्मेलन कक्ष में पुलिस अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान यात्रा मार्गों, संवेदनशील स्थलों तथा सुरक्षा व यातायात व्यवस्था की गहन समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में विगत 10 वर्षों के दौरान सावन माह और कांवड़ यात्रा में हुई सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों पर मंथन किया गया। जनपद में सड़क हादसों और उनमें होने वाली मौतों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए ZERO FATALITY DISTRICT कार्यक्रम का सख्ती से क्रियान्वयन कराया जा रहा है। इसके तहत जिले के 06 प्रमुख थानो गजरौला, जहानाबाद, न्यूरिया, बरखेड़ा, बीसलपुर और पूरनपुर में समर्पित क्रिटिकल कॉरिडोर (CC) टीमों का गठन किया गया है।
समीक्षा गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम दहिया, एएसपी/सीओ सदर नताशा गोयल, समस्त क्षेत्राधिकारी एवं सभी ZFD थानों की टीमों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
