Latest Posts
   
home उत्तरप्रदेश पीलीभीत राज्य राष्ट्रीय 

हर्षोल्लास के साथ मनाया गया नागपंचमी का पर्व, पारंपरिक मेलों और ‘नगाई’ रस्म ने खींचा सबका ध्यान


​बरखेड़ा:क्षेत्र में सदियों पुराना नागपंचमी का त्योहार सोमवार को पूरी आस्था और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही क्षेत्र के शिव मंदिरों और शिवालयों में शिवभक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर नागदेवता को दूध अर्पित किया और सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर क्षेत्र में कई जगह भव्य मेलों का आयोजन किया गया, जहां लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
​कस्बा बरखेड़ा के प्रसिद्ध श्री सिद्ध बाबा देवस्थल पर आयोजित मेले में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने मेले का भरपूर आनंद लिया। इस मेले का मुख्य आकर्षण सदियों से चली आ रही पारंपरिक ‘नगाई’ की रस्म रही।
​परंपरा के अनुसार, बीते एक साल के दौरान सर्पदंश (सांप के काटने) से प्रभावित लोगों को स्थानीय जानकारों द्वारा देसी पद्धति और मंत्रों के माध्यम से ‘बांध’ (सुरक्षित) दिया जाता है। इसके बाद, नागपंचमी के दिन मेला परिसर में विशेष प्रबंध कर ‘नगाई’ बजाई जाती है। इस दौरान सर्पदंश से जुड़े सभी बंधे हुए लोग मेले के बीच नगाई के समक्ष पहुंचते हैं, जहां जानकार उन्हें मंत्रों और विशेष विधि द्वारा इस बंधन से मुक्त करते हैं। इस अनूठी परंपरा को देखने के लिए दूर-दराज से भारी संख्या में लोग पहुंचे। क्षेत्र के अन्य कई गांवों में भी इसी प्रकार के मेलों और अनुष्ठानों का आयोजन किया गया।
​मेला आयोजक आनंद प्रकाश ,प्रियांशु मोर्य, नन्हें लाल ने बताया कि नागपंचमी के इस पावन पर्व पर सोमवार रात्रि को मां शक्ति के जागरण का भव्य आयोजन किया जाएगा, जिसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।

Current News

Leave a Comment

error: Content is protected !!