बरखेड़ा में सड़क हादसा, सिंचाई विभाग के कर्मचारी की उपचार के दौरान मौत
बरखेड़ा। पीलीभीत में रक्षाबंधन का त्योहार मनाकर ड्यूटी लौट रहे सिंचाई विभाग के कर्मचारी की सड़क हादसे में मौत हो गई। शुक्रवार शाम बरखेड़ा थाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल कर्मचारी को पहले बरखेड़ा सीएचसी, फिर बरेली के निजी अस्पताल ले जाया गया। हालत में सुधार न होने पर शनिवार को परिजन उन्हें पीलीभीत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान 52 वर्षीय अनिल कुमार के रूप में हुई है। वह सिंचाई विभाग में मेठ के पद पर पौटा कलां डैम पर तैनात थे। उनका परिवार बीसलपुर में रहता है, जबकि ड्यूटी के चलते वह पीलीभीत शहर की आवास विकास कॉलोनी में रहते थे।
रक्षाबंधन पर अनिल मोटरसाइकिल से बीसलपुर स्थित अपने घर गए थे। शुक्रवार शाम परिवार के साथ त्योहार मनाने के बाद वह बाइक से पीलीभीत लौट रहे थे। इसी दौरान बरखेड़ा क्षेत्र में अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया
हादसे में अनिल कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने उन्हें सड़क पर घायल हालत में देखा तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें बरखेड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें बरेली के एक निजी अस्पताल ले गए, लेकिन इलाज के बावजूद उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ। शनिवार को परिजन उन्हें वापस पीलीभीत जिला अस्पताल लेकर आए। यहां देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
अज्ञात वाहन चालक की तलाश में जुटी पुलिस
परिजनों ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ बरखेड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई है और कार्रवाई की मांग की है। बरखेड़ा थाना प्रभारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिससे टक्कर मारकर भागे वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके।
