Latest Posts
   
home उत्तरप्रदेश पीलीभीत राज्य राष्ट्रीय 

देवहा नदी के पुल से बुजुर्ग ने लगाई छलांग, गोताखोरों द्वारा तलाश जारी

बीसलपुर। कोतवाली क्षेत्र में रविवार दोपहर नगरिया फत्तेपुर गांव के पास देवहा नदी के पुल से एक 68 वर्षीय बुजुर्ग ने कथित तौर पर नदी में छलांग लगा दी। पुल पर उनकी लाठी और चप्पलें मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से नदी में तलाश शुरू कराई, लेकिन समाचार लिखे जाने तक बुजुर्ग का कोई सुराग नहीं मिल सका था।
नदी में छलांग लगाने वाले बुजुर्ग की पहचान चौसरा गांव निवासी कैलाश चंद्र सक्सेना (68) के रूप में हुई है। बताया गया कि वह रविवार सुबह बीसलपुर के पटेल नगर मोहल्ले से ऑटो में बैठकर देवहा नदी के पुल तक पहुंचे थे। करीब 11:30 बजे पुल के पास ऑटो से उतरने के बाद उन्होंने कथित तौर पर अचानक नदी में छलांग लगा दी।
घटना की जानकारी मिलते ही पुल पर राहगीरों और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और नदी में तलाश शुरू कराई गई। परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुल पर मिली लाठी और चप्पलों के आधार पर परिजनों ने बुजुर्ग की पहचान की।
घटना की जानकारी मिलने पर बीसलपुर विधायक विवेक कुमार वर्मा भी मौके पर पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से घटना की जानकारी ली। गोताखोरों की टीम नदी में बुजुर्ग की तलाश में जुटी रही। देर तक तलाश के बावजूद उनका पता नहीं चल सका।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और बुजुर्ग के नदी में छलांग लगाने के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

Current News

Leave a Comment

error: Content is protected !!