घर में घुसकर महिला से मारपीट का आरोप, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
बरखेड़ा। थाना बरखेड़ा क्षेत्र के ग्राम नवदिया शरीफगंज में एक महिला के साथ घर में घुसकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार 16 सितंबर की शाम करीब सात बजे महिला अपने घर पर अकेली थी। इसी दौरान गांव के दो युवक उसके घर में घुस आए और उसके साथ अभद्रता करते हुए मारपीट करने लगे। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद आरोपी वहां से चले गए। आरोप है कि कुछ देर बाद दोनों आरोपी एक अन्य व्यक्ति के साथ लाठी-डंडे लेकर दोबारा घर में घुस आए और महिला के साथ मारपीट की। शोर सुनकर ग्रामीणों के पहुंचने पर आरोपी मौके से भाग गए। पीड़िता ने घटना की सूचना पुलिस को देकर कार्रवाई की मांग की। मामले में थाना बरखेड़ा पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
