एसएसपी बरेली ने पांच इंस्पेक्टर और एक दरोगा के कार्यक्षेत्र में किया बदलाव

बरेली। एसएसपी अनुराग आर्य ने मंगलवार को पुलिस महकमे में फेरबदल करते हुए पांच निरीक्षकों और एक उपनिरीक्षक समेत छह पुलिसकर्मियों के तबादले कर दिए। इस फेरबदल में मीरगंज, सीबीगंज, शेरगढ़ और विशारतगंज थानों के प्रभारी बदल दिए गए हैं।
मीरगंज के प्रभारी निरीक्षक रवि कुमार को सीबीगंज थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, रिजर्व पुलिस लाइन में तैनात निरीक्षक अजय प्रताप सिंह को अपराध थाना मीरगंज भेजा गया है। अपराध थाना मीरगंज में तैनात निरीक्षक वरुण कुमार का तबादला अपराध थाना सीबीगंज किया गया है।
शेरगढ़ थाने की कमान सिटी सेल/पीआरओ में तैनात निरीक्षक मनोज कुमार को सौंपी गई है। वहीं, फरीदपुर थाने में तैनात उपनिरीक्षक उमेश कुमार राय को विशारतगंज का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है। विशारतगंज के अपराध थाने में तैनात निरीक्षक प्रमोद कुमार को क्षेत्राधिकारी हाईवे कार्यालय भेजा गया है।
तबादला सूची जारी होने के बाद पुलिस महकमे में नई तैनातियों को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। सभी पुलिसकर्मियों को नई तैनाती पर कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं।
