अलंकार अग्निहोत्री को बंधक बनाने के आरोप निराधार:ADM
बरेली। सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों पर प्रशासन की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है। एडीएम (न्यायिक) बरेली देश दीपक सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि संबंधित घटनाक्रम में किसी भी प्रकार से बंधक बनाने जैसी कोई स्थिति नहीं थी और लगाए गए आरोप पूरी तरह बेबुनियाद हैं।
एडीएम देश दीपक सिंह ने बताया कि अलंकार अग्निहोत्री स्वयं अधिकारियों से बातचीत करने वहां पहुंचे थे। उस समय एडीएम प्रशासन, सिटी एडीएम और जिलाधिकारी भी मौके पर मौजूद थे। सभी के बीच सामान्य और सौहार्दपूर्ण वातावरण में बातचीत हुई। उन्होंने बताया कि बैठक के दौरान अलंकार अग्निहोत्री को कॉफी भी ऑफर की गई और बातचीत पूरी तरह सामान्य रही।
एडीएम न्यायिक ने कहा कि बातचीत के दौरान अधिकारियों ने उन्हें यह सुझाव भी दिया था कि यदि वह किसी मानसिक तनाव या असुविधा महसूस कर रहे हैं, तो एक-दो या चार दिन की छुट्टी ले सकते हैं। हालांकि, अलंकार अग्निहोत्री इसके लिए तैयार नहीं हुए और उन्होंने अवकाश लेने से इनकार कर दिया।
देश दीपक सिंह ने दो टूक कहा कि पूरे घटनाक्रम में किसी तरह का दबाव, जबरदस्ती या बंधक बनाने जैसी बात पूरी तरह गलत है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अलंकार अग्निहोत्री बातचीत के बाद स्वयं वहां से चले गए थे। प्रशासन की ओर से यह बयान सामने आने के बाद मामले को लेकर चल रही चर्चाओं पर विराम लगने की उम्मीद जताई जा रही है।
