मछलियों को चारा डालने गए ग्रामीण की तालाब में डूबकर मौत, मचा कोहराम
बरखेड़ा। क्षेत्र के ग्राम दौलतपुर पट्टी में बुधवार दोपहर एक बेहद दुखद घटना सामने आई, जहाँ तालाब में मछलियों को चारा डालने गए एक किसान का शव पानी में उतराता मिला। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
दौलतपुर पट्टी निवासी रवि ने बताया कि दौलतपुर पट्टी निवासी 48 वर्षीय तेजराम कश्यप पुत्र प्रहलाद कश्यप गांव के पास ही स्थित तालाब में मत्स्य पालन और सिंघाड़े की खेती का काम करते थे। रोज की भांति तेजराम बुधवार सुबह करीब 10 बजे तालाब पर मछलियों को चारा डालने गए थे। दोपहर तक जब वे घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की।
जब मृतक का बड़ा बेटा रवि अपने पिता की तलाश में तालाब पर पहुंचा, तो उसे पानी में शव उतराता हुआ दिखाई दिया। बेटे ने शोर मचाया तो ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए और शव को तालाब से बाहर निकाला। परिजन फौरन तेजराम को ई-रिक्शा से सीएचसी बरखेड़ा लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने परीक्षण के उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया।मौत की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया ।
क्षेत्रवासियों के लिए यह घटना हैरान करने वाली है क्योंकि तालाब दौलतपुर से अर्सिया बोझ जाने वाले मुख्य मार्ग पर स्थित है। दिन भर लोगों का वहां से आना-जाना लगा रहता है, इसके बावजूद किसी की नजर तालाब में डूबे तेजराम पर नहीं पड़ी।
तेजराम की असामयिक मृत्यु से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वे अपने पीछे दो बेटे और पांच बेटियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। पत्नी रामबेटी का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग इस घटना से गहरे सदमे में हैं।
