बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद ने बच्चों को पिलाई पोलियो की खुराक
पीलीभीत। जनपद में रविवार को पल्स पोलियो अभियान का शुभारंम्भ।बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद ने ग्राम पतरासा कुंवरपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर किया। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि पांच वर्ष तक का कोई भी बच्चा पोलियो की दवा पीने से वंचित न रहे, ताकि जनपद को पोलियो मुक्त बनाए रखने के लक्ष्य को सफल बनाया जा सके। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भुवन चंद्र पंत ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम समय पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाना है। उन्होंने सभी अभिभावकों से अभियान में बढ़-चढ़कर सहयोग करने और प्रत्येक बूथ पर बच्चों को लेकर पहुंचने की अपील की।
इस अवसर पर जिला प्रतिरक्षण अधिकारी, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी सीएचसी बरखेड़ा, विश्व स्वास्थ्य संगठन के प्रतिनिधि, जेएसआई के प्रतिनिधि, गावी के प्रतिनिधि तथा स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. लेखराज ने बताया कि अभियान के दौरान बूथों के साथ-साथ घर-घर जाकर भी बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी, जिससे कोई भी पात्र बच्चा छूटने न पाए।