अवैध संबंधों का खौफनाक अंजाम,पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर पति को पिलाया तेजाब,हुई मौत

बरेली।उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में अवैध संबंधों के चलते एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बारादरी थाना क्षेत्र के जोगी नवादा में एक महिला पर अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को तेजाब पिलाकर उसकी बेरहमी से हत्या करने का गंभीर आरोप लगा है। मृतक की पहचान इसराइल के रूप में हुई है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर घटना की गहनता से जांच शुरू कर दी है।
13 साल पहले हुई थी शादी, किराए के मकान में रहता था दंपति
जानकारी के अनुसार, इसराइल की शादी करीब 13 साल पहले गौसिया नाम की महिला से हुई थी। मृतक के परिजनों ने बताया कि शादी के शुरुआती कुछ वर्षों तक दोनों के बीच रिश्ते सामान्य रहे, लेकिन बाद में पारिवारिक विवाद शुरू हो गए। पारिवारिक संपत्ति के बंटवारे में हिस्सा मिलने के बाद, कुछ समय पूर्व इसराइल अपना पुश्तैनी घर छोड़कर पत्नी के साथ एक किराए के मकान में रहने लगा था।
रंगे हाथों पकड़े जाने पर बढ़ा विवाद
परिजनों का आरोप है कि करीब तीन महीने पहले इसराइल को अपनी पत्नी गौसिया और मकान मालिक सलीम के बीच चल रहे कथित संबंधों की जानकारी हुई। आरोप है कि एक दिन इसराइल ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। इस खुलासे के बाद से वह गहरे मानसिक तनाव में रहने लगा। परिवार के मुताबिक, इस घटना के बाद मानसिक रूप से परेशान इसराइल ने आत्महत्या की भी कोशिश की थी, लेकिन तब परिजनों ने उसे बचा लिया था। इसके बाद से ही घर में कलह और तनाव चरम पर पहुंच गया था।
बदनामी से बचने के लिए रची खौफनाक साजिश
मृतक की मां बारिशा ने पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया है कि जब बेटे ने पत्नी और मकान मालिक सलीम को रंगे हाथों पकड़ लिया, तो मामले को लेकर बदनामी होने लगी। उनका आरोप है कि इसी वजह से गौसिया ने सलीम के साथ मिलकर इसराइल को हमेशा के लिए रास्ते से हटाने की साजिश रची।
परिवार का दावा है कि दोनों ने मिलकर इसराइल को जबरन तेजाब पिला दिया। हालत बिगड़ने पर उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने घटना का संज्ञान लेते हुए परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मौत से पहले अस्पताल में इसराइल का बयान भी दर्ज किया गया था। अब पुलिस उसी बयान और सबूतों के आधार पर मामले की तफ्तीश कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
