गाली गलौज का विरोध करने पर नशे में महिला के साथ की मारपीट, दांत से काटकर मांस निकाला, थाने में शिकायत
बरखेड़ा ।थाना क्षेत्र के ग्राम फूटे कुआं कुरैया में शराब के नशे में एक शराबी द्वारा विरोध करने पर महिला के साथ मारपीट करने और लातों-घूंसों से पीटने का मामला सामने आया है। घटना के संबंध में पीड़ित महिला ने थाने में प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।
ग्राम फूटे कुआं कुरैया निवासी धनदेवी पत्नी राजपाल ने पुलिस को दिए गए शिकायती पत्र में बताया कि उनके गांव का रहने वाला विनोद पुत्र कालीचरन आए दिन शराब पीकर उनके दरवाजे के सामने आकर अभद्र गालियां देता है। जब इसका विरोध किया गया तो वह रंजिश मानने लगा।
पीड़िता के अनुसार, 9 अगस्त की शाम करीब 8 बजे वह गांव की ही एक परचून की दुकान पर घरेलू सामान खरीदने जा रही थीं। रास्ते में विनोद का मकान है, जहां अकेला देखकर उसने गंदी गालियां देना शुरू कर दिया और रास्ता रोकते हुए धमकी दी कि तू बहुत बोलती है, आज तुझे ठीक कर दूंगा।
आरोप है कि इतना कहते ही उसने मारपीट शुरू कर दी, और तभी विनोद की पत्नी छाया भी वहां आ गई। दोनों ने मिलकर महिला को बुरी तरह लातों-घूंसों से पीटा। इतना ही नहीं, विनोद ने पीड़िता के हाथ को दांतों से काटकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। चीख-पुकार सुनकर परिवार और आसपास के लोगों को मौके पर आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए अपने घर में घुस गए।
पीडि़ता ने पुलिस से मामले की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
