सावन के पावन मास में रवाना हुआ कांवरियों का जत्था, गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे
बरखेड़ा:श्री शिव शक्ति काबड़ियाँ दल भोपतपुर, प्रतापडण्डी के तत्वावधान में सावन के पवित्र महीने में क्षेत्र के प्रसिद्ध बिछुया बाबा मड़ी स्थल से आज बुधवार को सुबह 11 बजे 20बी पैदल कांवर यात्रियों का जत्था विधि-विधान से भगवान शिव का पूजन-अर्चन कर कछला घाट के लिए धूमधाम से रवाना हुआ। हर साल की तरह इस बार भी शिव भक्तों में गजब का उत्साह देखने को मिला।
मंदिर के महंत श्यामू ने जानकारी देते हुए बताया कि सावन के तीसरे सोमवार को बिछुया बाबा स्थित शिव मंदिर पर गंगाजल से जलाभिषेक करने के लिए 150 कांवरियों का यह जत्था हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी आज बुधवार 12 अगस्त को रवाना हुआ है। इस कांवर यात्रा में मुख्य रूप से ग्राम भोपतपुर और प्रतापडण्डी दोनों गांवों के शिव भक्त सम्मिलित हैं।
यात्रा के प्रस्थान के दौरान भक्तों का उत्साह बढ़ाने के लिए भारी संख्या में ग्रामीण, माताएं और बहनें मंदिर परिसर में मौजूद रहीं। सभी ने मंदिर से लेकर गांव के बाहर तक कांवरियों पर पुष्प वर्षा कर उन्हें विदा किया। इस दौरान पूरा क्षेत्र “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।
