गोमती उद्गम स्थल से सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ
-
मां गोमती के उद्गम स्थल पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत दीपोत्सव एवं महाआरती का आयोजन
-
दीपोत्सव व महाआरती में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
-
राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार ने की ब्रह्मचारी घाट और गौरी शंकर मंदिर में पूजा-अर्चना
पीलीभीत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्षों के सेवा काल के उपलक्ष्य में गुरुवार को जिले में सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत की गई। अभियान के प्रथम दिन मां गोमती के उद्गम स्थल पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत दीपोत्सव एवं महाआरती का आयोजन किया गया।
गोमती उद्गम स्थल पर बड़ी संख्या में दीप प्रज्वलित किए गए। इस दौरान श्रद्धालुओं और ग्रामीणों ने मां गोमती की आरती में सहभागिता की। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु एवं उत्तम स्वास्थ्य की प्रार्थना भी की गई।
दीपोत्सव एवं महाआरती के बाद सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य, पूरनपुर विधायक बाबूराम पासवान, प्रदेश मंत्री सुभाषिनी जायसवाल सहित जनप्रतिनिधि, जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक सुर्कीति माधव, मुख्य विकास अधिकारी तथा अन्य अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और उनके कार्यकाल से जुड़ी योजनाओं एवं कार्यक्रमों का उल्लेख किया। वहीं जिलाधिकारी ने केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पात्र लोगों तक पहुंचाने तथा जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।
इस अवसर पर उपस्थित नागरिकों को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने और समाजसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प भी दिलाया गया। अभियान के तहत जिले में आने वाले दिनों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार ने की ब्रह्मचारी घाट और गौरी शंकर मंदिर में पूजा-अर्चना

सेवा संकल्प अभियान के तहत राज्य मंत्री संजय सिंह गंगवार ने ब्रह्मचारी घाट स्थित मंदिर में पूजा-अर्चना की और दीप प्रज्वलित कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने गौरी शंकर मंदिर पहुंचकर भगवान शिव की पूजा की तथा शिवलिंग पर जलाभिषेक किया। उन्होंने मंदिर परिसर में दीप प्रज्वलित कर पूजा-अर्चना की।
