Latest Posts
   
home उत्तरप्रदेश पीलीभीत राज्य राष्ट्रीय 

बरखेड़ा: मेले में फोटो के पैसों को लेकर हुआ विवाद, लाठी-डंडे चले, दुकानदार का सिर फटा, रिपोर्ट दर्ज

बरखेड़ा। स्थानीय मेले में फोटो खिंचवाने के दौरान पैसों के लेनदेन को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि हमलावरों ने दुकानदार पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट के दौरान मेले में अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई, हालांकि गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम लखनऊ कलां निवासी अमन बाबू पुत्र जगदीश प्रसाद ने बरखेड़ा कलां मेले में फोटोग्राफी की दुकान लगा रखी थी। पीड़ित ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 23 सितंबर को दोपहर लगभग 1 बजे कस्बा बरखेड़ा निवासी आजाद अपने एक अज्ञात साथी के साथ फोटो खिंचवाने आया था। फोटो लेने के बाद दोनों चले गए, लेकिन कुछ देर बाद शराब के नशे में धुत होकर वापस लौटे और गाली-गलौज करने लगे।
जब दुकानदार अमन बाबू ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने लाठी-डंडों से उस पर हमला कर दिया। इस हमले में अमन बाबू के सिर में गंभीर चोट आई है। आरोपी जाते-जाते पीड़ित को जान से मारने की धमकी भी दे गए। घटना के समय मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी आजाद को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके अज्ञात साथी की तलाश की जा रही है।

Current News

Leave a Comment

error: Content is protected !!