झगड़ा शांत कराने गए युवक की चाकू गोदकर हत्या, परिवार में कोहराम
बरखेड़ा। दूसरों का विवाद शांत कराना एक युवक के लिए जानलेवा साबित हो गया। बरखेड़ा क्षेत्र के फुटाकुआं गांव निवासी 25 वर्षीय राजपाल की उत्तराखंड के सेलाकुई औद्योगिक क्षेत्र में चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई। बुधवार देर रात जब युवक का शव उसके पैतृक गांव पहुंचा, तो पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फुटाकुआं निवासी राजपाल (25) पुत्र स्व. तेजराम पिछले पांच वर्षों से सेलाकुई (उत्तराखंड) में रहकर मजदूरी कर रहे थे। सोमवार रात करीब 11 बजे वहां कुछ लोगों के बीच विवाद हो रहा था, जिसे राजपाल ने बीच-बचाव कर शांत करा दिया था। इसी बात की रंजिश रखते हुए आरोपी ने देर रात टहल रहे राजपाल पर अचानक चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़े।
आसपास के लोग और परिजन तुरंत उन्हें अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक के माता-पिता का पूर्व में ही देहांत हो चुका है। बुधवार को गांव पहुंचे शव का उनके बड़े भाई अयोध्या प्रसाद ने नम आंखों से मुखाग्नि देकर अंतिम संस्कार किया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए मुख्य आरोपी जितेंद्र (निवासी बंडा, शाहजहांपुर) को हिरासत में ले लिया है और अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।