डग्गामार मैजिक की टक्कर से बाइक सवार बुजुर्ग की दर्दनाक मौत, बेटा घायल
- कनागत खाकर ससुराल से लौट रहे थे पिता-पुत्र, पतरसिया मोड़ पर हुआ हादसा
- दो साल पहले सड़क हादसे में एक और बेटे को खो चुका है परिवार
बरखेड़ा :पीलीभीत-बीसलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित पतरसिया का मोड़ एक बार फिर भीषण सड़क हादसे का गवाह बना। सोमवार दोपहर को एक तेज रफ्तार डग्गामार मैजिक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक के पीछे बैठे 60 वर्षीय बुजुर्ग की कुचलकर मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। इस हादसे के बाद पीड़ित परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, क्योंकि करीब दो साल पहले भी इसी परिवार ने सड़क हादसे में अपने एक जवान बेटे को खोया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के गांव जगीपुर जैतपुर निवासी 60 वर्षीय सूरजपाल अपने सबसे छोटे बेटे मनोज कुमार के साथ बड़े बेटे प्रमोद की ससुराल (ग्राम नबीची, थाना बंडा, जिला शाहजहांपुर से कनागत खाकर बाइक द्वारा वापस अपने घर लौट रहे थे। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे जैसे ही उनकी बाइक पतरसिया गांव के पास पहुंची, तभी पीछे से आ रही सवारियों से भरी एक डग्गामार मैजिक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़ी। इससे पहले कि बुजुर्ग सूरजपाल संभल पाते, पीछे से आ रही डग्गामार मैजिक उन्हें कुचलते हुए निकल गई। वहीं, बाइक चला रहा मनोज कुमार छिटककर सड़क किनारे खाई में जा गिरा। दुर्घटना के बाद मैजिक चालक ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन सतर्क राहगीरों ने उसे दौड़कर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
घटना के समय गश्त कर रही स्थानीय पुलिस की जीप ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को फौरन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरखेड़ा पहुंचाया। वहां परीक्षण के बाद डॉक्टरों ने बुजुर्ग सूरजपाल को मृत घोषित कर दिया।
मृतक सूरजपाल के चार पुत्र और तीन पुत्रियां हैं। इस हृदयविदारक घटना से परिवार में कोहराम मच गया है। ग्रामीणों ने बताया कि इस परिवार का यह दर्द पुराना है, क्योंकि करीब दो वर्ष पूर्व मृतक के एक अन्य पुत्र डालचंद्र की भी सड़क हादसे में ही मौत हो गई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है।
