Latest Posts

नशेड़ी ने महिला के सिर पर मारी कसी,​ सीएचसी में कराया भर्ती

बरखेड़ा। क्षेत्र के गांव उमरिया में शनिवार दोपहर शराब के नशे में धुत एक युवक ने रुपये देने से इनकार करने पर गांव की ही महिला के सिर पर धारदार कसी से प्रहार कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से लहूलुहान हो गई। सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरखेड़ा में भर्ती कराया है।
​गांव उमरिया निवासी राजकुमारी के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब दो बजे वह अपने घर के बाहर उपले पाथ रही थीं। इसी दौरान गांव का ही हरिराम वर्मा पुत्र बाबूराम शराब के नशे में वहां आ पहुंचा और उनसे रुपयों की मांग करने लगा। जब राजकुमारी ने पैसे देने से मना करते हुए इसका कारण पूछा, तो आरोपी आगबबूला हो गया। उसने पीछे से राजकुमारी के सिर पर धारदार कसी से वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ीं।
​शोर-शराबा सुनकर ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने घायल महिला को तत्काल सीएचसी बरखेड़ा पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। थाना प्रभारी सतेंद्र कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है और मामले की जांच कराई जा रही है। अभी तक पक्ष की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है, शिकायत मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Current News

Leave a Comment

error: Content is protected !!