Latest Posts
   
home उत्तरप्रदेश बदायूँ बरेली राज्य राष्ट्रीय 

आईपीएल सट्टेबाजी का भंडाफोड़,  पुलिस ने एक आरोपी दबोचा , नेपाली मोबाइल सिम बरामद

बरेली । फरीदपुर पुलिस ने आईपीएल मैचों में ऑनलाइन सट्टा लगाने और लगवाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से नकदी, आईफोन, नेपाली सिम समेत कई संदिग्ध दस्तावेज बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत थाना फरीदपुर पुलिस गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि रोडवेज बस स्टैंड के पास कुछ लोग आईपीएल मैच में हार-जीत की बाजी लगाकर ऑनलाइन सट्टा चला रहे हैं।
सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर तीन आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जबकि एक युवक को मौके से पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम ओमेन्द्र बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 10 हजार रुपये नकद, एक आईफोन, नेपाली मोबाइल सिम कार्ड, छह एटीएम कार्ड, पांच बैंक पासबुक, तीन चेकबुक, दो आधार कार्ड और दो कूटरचित पैन कार्ड बरामद किए गए।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ थाना फरीदपुर में मुकदमा संख्या 351/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं और सार्वजनिक जुआ अधिनियम में केस दर्ज किया गया है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह लंबे समय से आईपीएल मैचों में ऑनलाइन सट्टा लगाने का काम कर रहा था। उसने बताया कि इस धंधे में जल्दी पैसा मिलने के कारण उसे इसकी लत लग गई थी। आरोपी पर पहले भी सट्टेबाजी और मारपीट के मामले दर्ज बताए गए हैं।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम समेत कई पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Related posts

Leave a Comment

error: Content is protected !!