तेजाब से चार लोगों को झुलसाने वाला गिरफ्तार, 315 बोर तमंचा कारतूस बरामद
बरेली।शेरगढ़ थाना क्षेत्र में 16 मई को हुए सनसनीखेज तेजाब कांड के आरोपी उमेश कश्यप को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। छत के रास्ते घर में घुसकर सो रहे परिवार के 4 लोगों पर तेजाब फेंकने वाला आरोपी शेरगढ़ बाईपास पर पुलिस से भिड़ गया। खुद को घिरा देख उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी। मुठभेड़ में एक सिपाही भी जख्मी हुआ है। मौके से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं।
शेरगढ़ पुलिस को सूचना मिली कि तेजाब कांड का मुख्य आरोपी उमेश कश्यप बाईपास के रास्ते भागने की फिराक में है। टीम ने तुरंत घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपी ने तमंचे से फायर शुरू कर दिया। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की जिसमें उमेश के पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे दबोच लिया गया। तलाशी में उसके पास से 315 बोर का तमंचा और जिंदा कारतूस मिले।
16 मई की रात आरोपी उमेश कश्यप छत के रास्ते घर में दाखिल हुआ और सो रहे परिवार पर तेजाब उड़ेल दिया। हमले में महिला, पुरुष और 2 बच्चे समेत 4 लोग गंभीर रूप से झुलस गए थे। सभी का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना के बाद से ही SSP के आदेश पर कई टीमें आरोपी की तलाश में जुटी थीं।
मीरगंज पुलिस क्षेत्राधिकारी ने बताया कि घायल आरोपी और जख्मी सिपाही दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उमेश कश्यप के खिलाफ हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और तेजाब हमले की धाराओं में मुकदमा दर्ज है। पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
