भोजीपुरा रेलवे स्टेशन के पुल से युवती ने लगाई छलांग, गंभीर हालत में अस्पताल भेजी गई
बरेली। भोजीपुरा रेलवे स्टेशन पर स्थित फुटओवर ब्रिज से एक युवती ने छलांग लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। घटना से स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवती को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
घायल युवती की पहचान रीना, निवासी ग्राम छोटा फाटक, थाना इस्लामनगर, जनपद बदायूं के रूप में हुई है। घटना की जानकारी तत्काल उसके परिजनों को दे दी गई है।
मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस के साथ स्टेशन पर तैनात महिला कांस्टेबल प्रतिभा एवं हेड कांस्टेबल दीपक कुमार ने घायल युवती को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया। इसके बाद उसे बेहतर इलाज के लिए एक निजी अस्पताल भेज दिया गया।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। युवती द्वारा आत्महत्या का प्रयास किए जाने के कारणों का पता लगाने के लिए पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
