कुत्ते ने घर में घुसकर बच्चे पर किया हमला, जिला अस्पताल में भर्ती
बरेली। थाना बारादरी क्षेत्र के मोहल्ला हजियापुर में पड़ोसी के पालतू कुत्ते द्वारा एक मासूम बच्चे पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे परिजनों ने उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
घायल बच्चे की बुआ ममता सागर ने बताया कि 6 वर्षीय दर्श कुमार पुत्र नंद किशोर तुलाशेरपुर में किराए पर अपने परिवार के साथ रहता है। दर्श शुक्रवार को अपनी बुआ के घर हजियापुर आया हुआ था। शनिवार सुबह वह घर के दरवाजे के पास खेल रहा था, तभी पड़ोस में रहने वाली संगीता का कुत्ता अचानक घर में घुस आया और उस पर हमला कर दिया।
कुत्ते के हमले में दर्श के पैर में गंभीर चोटें आईं। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसे कुत्ते से बचाया। इसके बाद घायल बच्चे को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
घटना के बाद परिवार में दहशत का माहौल है। परिजनों ने संबंधित लोगों से पालतू कुत्तों को सुरक्षित रखने तथा ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की है।
